उज्जैन ; सावन महीने की शुरुआत होते ही उज्जैन में भक्तों का आगमन बढ़ने लगता है। देश दुनियाभर से भक्त बाबा महाकाल के दर्शन और साही सवारी में शामिल होने के लिए पहुंचते है। जिसकी वजह से न सिर्फ यातायात प्रभावित होती है। बल्कि छात्रों के पढ़ाई पर भी प्रभाव पड़ता है। जिसको देखते हुए कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने सोमवार को सभी स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया है। जबकि रविवार को नियमित रूप से स्कूल संचालित किए जाएंगे।
3 से 31 अगस्त तक लागू रहेगी व्यवस्था
जारी आदेश के अनुसार, उज्जैन शहर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 3 से 31 अगस्त तक प्रत्येक सोमवार अवकाश रहेगा। जबकि रविवार को कक्षाएं लगेंगी। प्रशासन का मानना है कि सोमवार को अवकाश रहने से विद्यार्थी और उनके परिजन बिना किसी परेशानी के बाबा महाकाल के दर्शन कर सकेंगे और पारंपरिक सवारी में भी शामिल हो पाएंगे. इससे धार्मिक आयोजन के दौरान यातायात का दबाव भी कम होगा और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को सुविधा मिलेगी।
सावन माह की हुई शुरुआत
बता दें कि सावन में इस बार कुल छह सवारियां निकाली जाएंगी। इनमें सावन माह में चार सवारियां 3, 10, 17 और 24 अगस्त को निकलेंगी। इसके बाद भादौ माह में 31 अगस्त को पांचवीं सवारी और 7 सितंबर को राजसी (शाही) सवारी निकाली जाएगी।
यह रहेगा महाकाल की सवारी का मार्ग
भगवान महाकाल की सवारी शाम 4 बजे महाकाल मंदिर के सभा मंडप में पूजन के बाद शुरू होगी. इसके बाद सवारी महाकाल मंदिर से गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी, रामघाट, रामानुजकोट, कार्तिक चौक, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी बाजार होते हुए वापस महाकाल मंदिर पहुंचेगी. रामघाट पर विशेष पूजन-अर्चन भी किया जाएगा.