Satna Solvent Plantfire Fire: मध्य प्रदेश के सतना जिले से देर रात एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला औद्योगिक हादसा सामने आया है। यहाँ अमरपाटन मार्ग पर स्थित 'विद्याश्री सॉल्वेंट प्लांट' में अचानक एक जोरदार धमाके के साथ बॉयलर फट गया। बॉयलर फटने से पूरे प्लांट में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस भयावह अग्निकांड में प्लांट के मशीन ऑपरेटर की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य श्रमिक आग की लपटों में बुरी तरह झुलस गए हैं।
अचानक फटा बॉयलर
धमाका इतना तेज था कि इसकी गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी और आसपास की बस्तियों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह खौफनाक मंजर अमरपाटन रोड स्थित विद्याश्री सॉल्वेंट प्लांट का है, जहां धान की भूसी से 'राइस ब्रान ऑयल' (चावल का तेल) तैयार किया जाता था। देर रात जब फैक्ट्री में काम चल रहा था, तभी अचानक मुख्य बॉयलर फट गया। प्लांट के भीतर भारी मात्रा में धान की भूसी और अत्यंत ज्वलनशील केमिकल होने के कारण आग ने कुछ ही सेकंड में पूरी बिल्डिंग को अपनी आगोश में ले लिया।
जिंदा जलने से एक की मौत
बॉयलर के पास ही तैनात मशीन ऑपरेटर दिलावर सिंह उर्फ पिंकू (निवासी तिघरा) आग के चक्रव्यूह में ऐसा फंसा कि उसे भागने का रास्ता नहीं मिला। आग की ऊंची लपटों के बीच दिलावर की मौके पर ही जिंदा जलने से मौत हो गई। वहीं काम कर रहे मन्नू केवट समेत पांच अन्य मजदूर इस हादसे में गंभीर रूप से झुलस गए। चीख-पुकार के बीच आनन-फानन में एक गंभीर घायल मजदूर को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
आग पर पाया काबू
हादसे के बाद आग की ऊंची-ऊंची लपटें पास की रिहायशी बस्ती की तरफ बढ़ने लगीं, जिससे स्थानीय लोग जान बचाकर भागने लगे। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली टीआई समेत पुलिस और प्रशासन का आला अमला दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचा। भूसी के विशाल स्टॉक के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों के कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया जा सका।
मृतक के परिजनों का चक्काजाम
इस बीच, हादसे से गुस्साए मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने अमरपाटन मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हालांकि, मौके पर मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की समझाइश और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम को खुलवाया गया। प्रशासनिक जांच में सामने आया है कि यह राइस मिल परिसर शहर के सराफा व्यवसायी सौरभ जैन का है, जिसे बिहार के एक कारोबारी ने करीब 8 लाख रुपये प्रति महीने के किराए पर ले रखा था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी है।