भोपाल। गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित ऋषि विलास कॉलोनी में रिटायर्ड अधिकारी के घर में नकाबपोश बदमाश घुस गए। घटना गत 18 मई शनिवार-रविवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। रिटायर्ड अधिकारी ने घटना की शिकायत थाने पहुंचकर की थी। थाने में केवल शिकायती आवेदन लेते हुए उन्हें चलता कर दिया गया। इस सनसनीखेज वारदात की शिकायत नहीं होने और डर के कारण रिटायर्ड अधिकारी दूसरे मकान में परिवार के साथ शिफ्ट हो गए।
जानकारी के अनुसार, ऋषि विलास कॉलोनी निवासी सोहेल हाशमी रेलवे के रिटायर अधिकारी हैं। उनकी पत्नी शासकीय स्कूल में नौकरी करती है। उनका अब्बास नगर में ऋषि विलास कॉलोनी में मकान है। गत 18 मई की देर रात करीब ढाई बजे वह घर पर थे। इस दौरान चार बदमाश उनके घर घुस गए।
आहट होने पर मचाया शोर
सोहेल को आहट हुई और उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी उल्टे पैर लौट गए। पूरी वारदात उनके घर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सीसीटीवी कैमरे में चार बदमाश घर के अंदर घुसते हुए नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में हथियार भी नजर आए हैं। घटना की शिकायत हाशमी ने गांधी नगर थाने पहुंचकर की थी। इस पर पुलिस ने केवल शिकायती आवेदन लिया और रात्रि गश्त बढ़ाने का कहकर उन्हें थाने से चलता कर दिया। घटना के बाद से हाशमी अपने घर से कीमती सामान लेकर दूसरे घर में शिफ्ट हो गए।
पथराव किया था
सोहेल हाशमी ने बताया कि घटना रात करीब ढाई बजे के आसपास की थी। बदमाश बाहर का गेट तोड़कर अंदर घुसे थे। आहट होने पर उन्होंने ऊपर वाली गैलरी से झांककर देख तो एक बदमाश ने उन्हें पत्थर फेंककर मारा था। पत्थर उन्हें नहीं लगा। उन्होंने शोर मचाते हुए बदमाशों को ललकारा और अंदर कमरे में पत्नी को बताया। इसके बाद डायल 100 को कॉल किया था। जब तक डायल 100 मौके पर पहुंची, तब तक चारों आरोपी फरार हो चुके थे। उन्होंने बताया कि चार बदमाश घर के अंदर दाखिल हुए थे। अनुमान है कि कुछ बदमाश बाहर भी खड़े थे और अपने साथियों के लौटने का साथ ही आने जाने वालों का इंतजार कर रहे थे।