उज्जैन : विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में आए दिन भक्त बाबा के दर्शन के लिए उज्जैन आते है। इस कड़ी में आज बॉलीवुड एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया भी महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंची। जहां उन्होंने विधि विधान से पूजा अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही एक्ट्रेस भस्म आरती में भी शामिल हुई। जहां वो पूरी तरह से भक्ति भाव में डूबी हुई नजर आई।
एक्ट्रेस करीब 2 बजे पहुंची मंदिर
जानकारी के अनुसार, तमन्ना मंगलवार तड़के मंदिर पहुंची और करीब 2 घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर बाबा का ध्यान लगाया। साथ ही नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। इस दौरान एक्ट्रेस ने लाल कलर की साड़ी पहन रखी थी। जिसमे वो बेहद खूबसूरत नजर आ रही थी।
बाबा के बुलावे के बिना यहां कोई नहीं आ सकता
इधर, दर्शन के बाद मीडिया से अपना अनुभव साझा करते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि “जब तक बाबा महाकाल का बुलावा नहीं आता, तब तक कोई भी यहां दर्शन करने नहीं आ सकता है. पूरे देश में यही एकमात्र ऐसा मंदिर है, जहां लगभग 2 घंटे तक चलने वाली इस भव्य आरती का अनुभव प्राप्त होता है. इस दिव्य अहसास को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता.”
यहां आकर मन को शांति मिलती है
एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने आगे कहा कि यहां आकर मन को शांति मिलती है और अंदर सकारात्मक ऊर्जा उत्पन्न होती है। यहां एक ऐसी ऊर्जा है, जिसे सबके साथ बैठकर महसूस करना वाकई आनंदित करता है। यहां आना मेरा सौभाग्य है। वही दर्शन के बाद महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से इंजीनियर शिवाकांत पांडे द्वारा अभिनेत्री का स्वागत और सत्कार भी किया गया।