जबलपुर/ छतरपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर और छतरपुर में उस वक़्त मातम पसर गया जब पानी में डूबने से 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी लोग तलाब में नहाने गए थे जहां वो गहराई में समां गए। हादसा अलग अलग जगहे में हुआ। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू के जरिए शवों को बाहर निकाला गया।
रामसागर तालाब में नहाते समय डूबे दोनों युवक
पहली घटना जबलपुर की है। जहां शहर से 30 किलोमीटर दूर गोसलपुर स्थित रामसागर तालाब में सोमवार शाम को डूबने से दो युवक की मौत हो गई। दोनों युवक रामसागर तालाब में नहाने गए थे। जहां गहराई में 19 साल का इरावत डूबने लगा। जिसे बचाने के लिए 21 साल के अर्जुन ने भी तालाब में छलांग लगा दी। जिसकी वजह से दोनों की मौत हो गई।
मंगलवार सुबह शवों को किया गया रेस्क्यू
हालांकि मौके पर मौजूद तीसरे दोस्त ने जब दोनों दोस्तों को डूबते हुए देखा तो तुरंत आस पास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। लेकिन फिर भी उनकी जान नहीं बच सकी। इसके बाद पुलिस को तुरंत घटना की जानकारी दी गई। जिसके बाद पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और मंगलवार सुबह अर्जुन के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जबकी इरावत का अभी तक पता नहीं चल सका है। जिसकी तलाश गोताखोर लगातार कर रहे हैं। घटना सोमवार शाम की है।
सिंघपुर बैराज डैम में डूबने से 2 लोगों की मौत
दूसरी घटना छतरपुर की है। जहां सिंघपुर बैराज डैम में डूबने से 2 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों लोग जम्मू से शादी समारोह में शामिल होने के लिए आये थे। जहां नहाने के दौरान गहरे पानी में सामने की वजह से उनकी मौत हो गई।
जम्मू से 10 से 12 युवक गांव आए थे
जानकारी के अनुसार, छतरपुर के महराजपुर थाना इलाके के ग्राम मटौंधा के दीवान जी का पुरवा निवासी गोरेलाल अहिरवार के घर में शादी का कार्यक्रम था. मांगलिक उत्सव में शामिल होने के लिए जम्मू से 10 से 12 युवक गांव आए. सोमवार को सभी युवक पास ही बने सिंघपुर बैराज डैम में नहाने के लिए गए. जहां नहाते समय 21 वर्षीय रोहित अहिरवार और 14 वर्षीय दुलीचंद उर्फ ओम अहिरवार की डूबने से मौत हो गई।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लेकिन अंधेरा होने के चलते शवों का कुछ पता नहीं चला। मंगलवार सुबह दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया तब जाकर दोनों के शव बरामद किये गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वही मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।