MP News: मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का अभियान गति पकड़ने लगा है। इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभागों में कल पहले दिन की खरीदी के बाद आज दूसरे दिन भी केंद्रों पर हलचल तेज है। पहले दिन प्रदेश के 45 उपार्जन केंद्रों पर किसानों से 1616 क्विंटल गेहूं की खरीदारी की गई।
किसानों को मिलेगा बोनस
राज्य सरकार ने इस बार किसानों के लिए भुगतान की दरों को स्पष्ट कर दिया है। किसानों को कुल दर 2625 प्रति क्विंटल दिया जाएगा। केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित 2585 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य (MSP) और राज्य सरकार द्वारा घोषित 40 प्रति क्विंटल की बोनस राशि को मिलाकर भुगतान किया जा रहा है।
रिकॉर्ड तोड़ पंजीयन
इस वर्ष मध्य प्रदेश में गेहूं उपार्जन के लिए किसानों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस साल रिकॉर्ड 19 लाख 4 हजार किसानों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। यह आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले 3 लाख 60 हजार अधिक है। अब तक 97 हजार से अधिक किसान अपनी फसल बेचने के लिए स्लॉट बुक कर चुके हैं, जो लगभग 4.46 लाख मीट्रिक टन गेहूं के विक्रय के लिए है।
शेष संभागों की तैयारी
सरकार ने इस बार उपार्जन के लक्ष्य को भी बढ़ाया है। इस वर्ष 78 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन का लक्ष्य रखा गया है, जबकि बीते साल यह लगभग 77 लाख मीट्रिक टन था। इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभागों में खरीदी शुरू हो चुकी है, जबकि प्रदेश के शेष संभागों में 15 अप्रैल से गेहूं का उपार्जन प्रारंभ किया जाएगा।