होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Burhanpur Farmer: बुरहानपुर में कुदरत का कहर, आंधी ने उजाड़ी किसानों की फसल

Burhanpur Farmer: बुरहानपुर में कुदरत का कहर, आंधी ने उजाड़ी किसानों की फसल

Burhanpur Farmer: मध्य प्रदेश के प्रमुख केला उत्पादक जिले बुरहानपुर में रविवार को आए अचानक मौसम में बदलाव और विनाशकारी तेज हवाओं ने अन्नदाताओं की कमर तोड़कर रख दी है। जिले के लोनी, हतनूर और नागुलखेड़ा समेत आधा दर्जन गांवों में महज कुछ मिनटों तक चली चक्रवाती हवाओं के तांडव ने 50 एकड़ से अधिक क्षेत्र में लहलहा रही केले की फसल को पूरी तरह जमींदोज कर दिया।

इस बेमौसम आफत से लाखों रुपये की लागत लगाकर फसल तैयार करने वाले किसानों को भारी आर्थिक झटका लगा है। तबाही की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक और पूर्व मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने राजस्व अमले और तहसीलदार के साथ तत्काल प्रभावित खेतों का दौरा किया और पीड़ित किसानों को ढांढस बंधाया।

दोपहर में आई आफत

चश्मदीद किसानों और मौसम के जानकारों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब सवा दो बजे (2:15) आसमान में अचानक काले बादल छाए और करीब 15 मिनट तक हल्की से तेज बारिश हुई। लेकिन असली आफत बारिश थमने के ठीक बाद आई। दोपहर करीब ढाई बजे अचानक झुलसा देने वाली लू के बीच बेहद तीव्र गति से चक्रवाती और तेज हवाएं चलने लगीं। किसानों ने बताया कि यह विनाशकारी अंधड़ मात्र चार से पांच मिनट तक ही चला, लेकिन इसकी रफ्तार इतनी भयानक थी कि खेतों में खड़े केले के भारी-भरकम पौधे ताश के पत्तों की तरह उखड़कर जमीन पर बिछ गए।

लोनी और हतनूर में सबसे ज्यादा तबाही

बुरहानपुर तहसीलदार प्रवीण ओहरिया के मुताबिक, रविवार रात 9:00 बजे तक प्रशासनिक कंट्रोल रूम को जिले के तीन प्रमुख गांवों से फसलों के व्यापक नुकसान की प्रारंभिक सूचनाएं मिल चुकी थीं। शुरुआती राजस्व रिपोर्ट के अनुसार, केले के गढ़ कहे जाने वाले लोनी, हतनूर और नागुलखेड़ा बेल्ट में लगभग 50 एकड़ की खड़ी फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। कई किसानों की फसलें तो कटने की कगार पर थीं, जो अब पूरी तरह नष्ट हो गई हैं।

खेतों में पहुंचीं विधायक अर्चना चिटनिस

केला फसल के बड़े पैमाने पर हुए नुकसान की भनक लगते ही बुरहानपुर की विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस एक्शन मोड में नजर आईं। उन्होंने रविवार शाम को ही तहसीलदार प्रवीण ओहरिया और राजस्व विभाग के मैदानी अमले (पटवारियों) को साथ लेकर प्रभावित गांवों का सघन दौरा किया।

विधायक चिटनिस ने खुद खेतों के बीच जाकर टूटे पड़े केले के पौधों को देखा और प्रभावित किसानों से चर्चा की। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस संकट की घड़ी में मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार पूरी तरह से अपने अन्नदाताओं के साथ खड़ी है। मैंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं कि बिना किसी देरी के हर एक प्रभावित खेत का निष्पक्ष और पारदर्शी सर्वे किया जाए। नुकसानी का पूरा ब्यौरा तैयार कर जल्द ही राज्य सरकार और मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा, ताकि प्रभावित किसानों को आरबीसी 6-4 (RBC 6-4) के तहत जल्द से जल्द उचित मुआवजा और राहत राशि मिल सके।


संबंधित समाचार