राजेश सोनी, डबरा : डबरा के बल्ला का डेरा इलाके में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। राहत की बात यह रही कि कार के एयरबैग खुलने से दोनों की जान बच गई।
पुलिस के अनुसार i20 कार (MP 07 CK 0911) में दिपेंद्र सिंह और सुमित दुवे सवार थे। दोनों युवक दतिया से डबरा आ रहे थे। बल्ला का डेरा क्षेत्र के पास तेज रफ्तार के चलते वाहन ने नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई और सर्विस रोड पर जा गिरी।
स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला। दोनों के सिर से खून बह रहा था। स्थानीय लोगों ने दोनों के सिर में कपड़ा बांध दिया।
अस्पताल में इलाज जारी
घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन भी मौके पर पहुंचे। घायल युवकों को तुरंत सिविल अस्पताल डबरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट होने के चलते डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
शुरूआती जानकारी के मुताबिक हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अचानक सड़क पर गाय आ जाने के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हालांकि इस दुर्घटना में कार के दोनों एयरबैग खुल जाने से बड़ी जनहानि टल गई।