इंदौर : मशहूर पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का कल लाइव कॉन्सर्ट इंदौर में होने जा रहा है। जिसको लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के जहां कड़े इंतजाम किये है। तो वही कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
सुरक्षा में 500 जवानों की गई तैनाती
इतना ही नहीं अभिनेता को लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए सुरक्षा में 500 जवानों की तैनाती की गई है। कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। साथ ही, प्रवेश द्वारों पर बैगेज स्कैनर और अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए जाएंगे।
टिकट और पास की बारीकी से की जाएगी जांच
पुलिस के मुताबिक, बिना जांच और स्कैनिंग के किसी भी व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। दर्शकों के टिकट और पास की भी बारीकी से जांच की जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन बायपास स्थित C-21 एस्टेट के 4 लाख वर्गफीट के मैदान में किया गया है। जिसको लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
इंदौर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
सुरक्षा व्यवस्था के तहत बम डिस्पोजल स्क्वॉड आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में दिन में चार बार सघन जांच कर रही है। पुलिस की टीमें कार्यक्रम स्थल के साथ आसपास के इलाकों पर भी लगातार निगरानी रख रही हैं।
अलर्ट मोड में पुलिस
शहर के प्रमुख चौराहों और आयोजन स्थल तक पहुंचने वाले रास्तों पर भी अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।