भोपाल। मध्यप्रदेश में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पांच दिवसीय विदेश दौरे पर जाने वाले हैं। मुख्यमंत्री 23 नवंबर की रात सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के लिए रवाना होंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में नए औद्योगिक निवेश के अवसर तलाशना और फरवरी 2027 में भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को आमंत्रित करना है।
दोनों देशों में निवेशकों के साथ करेंगे बैठक
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री दोनों देशों के प्रमुख उद्योगपतियों, निवेशकों और औद्योगिक संगठनों के साथ बैठक करेंगे। वहीं 26 और 27 नवंबर को दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में कारोबारी प्रतिनिधियों से चर्चा प्रस्तावित है।
विदेशी निवेश पर सरकार का फोकस
इस दौरान सेमीकंडक्टर, आईटी और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विशेष जोर रहेगा। सरकार को इस यात्रा से नए निवेश प्रस्ताव और एमओयू मिलने की उम्मीद है।
10 अफसरों की टीम भी जाएगी मुख्यमंत्री के साथ
सीएम की इस यात्रा में 10 अफसरों की टीम जाएगी। जिसमे उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, आईटी विभाग के प्रमुख सचिव एम सेल्वेंद्रन, जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह और एमपीआईडीसी के प्रबंध संचालक चंद्रमौली शुक्ला भी रहेंगे।