रतलाम : मध्य प्रदेश के रतलाम से इस वक़्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां जिले की जावरा तहसील के ग्राम मीनाखेड़ा में एक 26 वर्षीय महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। घटना शनिवार सुबह 8 - 9 बजे की है। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
स्कूल छोड़ने बच्चे को लेकर निकली थी महिला
बताया जाता है कि दयाबाई शनिवार सुबह करीब आठ बजे अपनी बेटी दक्षु को स्कूल की ड्रेस पहनाकर स्कूल छोड़ने जाने की बात कहकर घर से निकली थी। साथ ही वह अपने साथ बेटे अरविंद को भी ले गई थी। घर से कुछ दूरी पर स्थित कुएं के पास पहुंचकर उसने दोनों बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी।
वजह अज्ञात
महिला ने यह कदम क्यों उठाया फ़िलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डॉक्टर ने सभी को किया मृत घोषित
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि महिला बच्चों के साथ कुएं के पास पहुंची और छलांग लगा दी। जिसकी खबर मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों को कुएं से बाहर निकाला और तुरंत जावरा के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चों सहित महिला को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। केस दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।