होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

घर में चल रहा था नकली शराब का खेल, 2500 ढक्कन और 200 रैपर जब्त

घर में चल रहा था नकली शराब का खेल, 2500 ढक्कन और 200 रैपर जब्त

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में ब्रांडेड शराब के नाम पर मिलावटी शराब तैयार कर बाजार में खपाने के मामले का आबकारी विभाग ने खुलासा किया है। अंबिकापुर आबकारी उड़नदस्ता टीम ने सूरजपुर जिले के कुमदा बस्ती में एक मकान पर छापा मारकर शराब की पैकिंग से जुड़ी बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की है।

कार्रवाई के दौरान टीम को मौके से 2500 नकली शराब के ढक्कन, 200 नकली रैपर/लेबल और बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें मिलीं। इसके अलावा करीब 12 लीटर मिलावटी शराब भी जब्त की गई है।

घर के कमरे में चल रहा था पैकिंग का काम

आबकारी विभाग के मुताबिक टीम को सूचना मिली थी कि कुमदा बस्ती स्थित एक मकान में शराब से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। इसके बाद टीम ने चंद्रप्रकाश राजवाड़े के घर दबिश दी।

तलाशी के दौरान घर के एक कमरे से शराब की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली। जांच में अलग-अलग ब्रांड के नाम और लेबल का इस्तेमाल कर शराब तैयार करने और उसे बोतलों में पैक करने से जुड़े साक्ष्य सामने आए।

2500 नकली ढक्कन और 200 लेबल मिले

छापेमारी में आबकारी टीम ने अलग-अलग ब्रांड के नाम वाले 2500 नकली ढक्कन बरामद किए। इसके साथ ही 200 नकली रैपर और लेबल भी जब्त किए गए। मौके से बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें भी मिली हैं। अधिकारियों ने वहां से 12 लीटर मिलावटी शराब जब्त की है।

इन ब्रांड के नाम का हो रहा था इस्तेमाल

विभाग की कार्रवाई में बरामद पैकेजिंग सामग्री में मैकडॉवल नंबर वन, रॉयल स्टैग, गोवा और इंपीरियल ब्लू जैसे ब्रांड के नाम वाले ढक्कन और रैपर शामिल बताए गए हैं। आबकारी विभाग के अनुसार इन नामों वाली पैकेजिंग का इस्तेमाल मिलावटी शराब को ब्रांडेड शराब के रूप में तैयार करने के लिए किए जाने की बात सामने आई है।

आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

मामले में आबकारी विभाग ने चंद्रप्रकाश राजवाड़े को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 38(क) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

आबकारी उड़नदस्ता की कार्रवाई

कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई। आबकारी उड़नदस्ता प्रभारी इंद्रबली मार्कंडेय के निर्देश पर टीम ने मकान की तलाशी लेकर शराब और पैकेजिंग सामग्री जब्त की। आबकारी विभाग ने कहा है कि अवैध और मिलावटी शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की ओर से अवैध शराब के निर्माण, पैकिंग और बिक्री से जुड़े मामलों पर निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है।


संबंधित समाचार