रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 आज राजधानी रायपुर सहित प्रदेशभर में आयोजित की जा रही है। राजधानी रायपुर में इस परीक्षा के लिए कुल 48 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और व्यवस्थागत तैयारियां सुनिश्चित की हैं। राज्य सेवा परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह के साथ प्रतिस्पर्धा का माहौल देखा जा रहा है। सुबह से ही बड़ी संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे।
दो पालियों में हो रही परीक्षा:
CGPSC की प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली: सुबह 10:00 बजे शुरू हो गई है, और दूसरी पाली: दोपहर 3:00 बजे आयोजित होगी, आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पूर्व प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
238 प्रशासनिक पदों के लिए प्रतिस्पर्धा:
इस वर्ष राज्य सेवा परीक्षा के माध्यम से कुल 238 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें सर्वाधिक 51 पद नायब तहसीलदार के लिए स्वीकृत हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों के प्रशासनिक और राजस्व पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी। प्रदेशभर से हजारों अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जिससे चयन प्रक्रिया को लेकर प्रतिस्पर्धा कड़ी मानी जा रही है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम:
परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए हैं। केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, प्रवेश से पहले सघन जांच, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर प्रतिबंध शामिल है, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक सेवाओं में प्रवेश का महत्वपूर्ण अवसर:
CGPSC Prelims प्रदेश के युवाओं के लिए प्रशासनिक सेवाओं में प्रवेश का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रारंभिक परीक्षा के बाद सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार प्रक्रिया से गुजरना होगा। राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन सतर्क है।
अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश:
एडमिट कार्ड और वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य
निर्धारित ड्रेस कोड का पालन
परीक्षा केंद्र पर समय से पूर्व उपस्थिति
प्रतिबंधित वस्तुएं (मोबाइल, स्मार्टवॉच आदि) न लाएं