होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Bherunda News : भेरूंदा क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का हल्ला बोल, किया प्रदर्शन

Bherunda News : भेरूंदा क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का हल्ला बोल, किया प्रदर्शन

मुकेश प्रजापति,भैरूंदा : भेरूंदा क्षेत्र में अवैध शराब की बढ़ती समस्या के विरोध में ग्रामीण महिलाओं का आक्रोश खुलकर सामने आया है। ग्राम पिपलानी और फुंडकी की महिलाएं शराबबंदी की मांग को लेकर गोपालपुर थाना पहुंचीं और हल्ला बोल प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर महिलाओं ने नारेबाजी की और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर गांव में अवैध शराब बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

नर्मदा किनारे शराब की बिक्री

महिलाओं का आरोप है कि नर्मदा किनारे के गांवों में शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध होने के बावजूद खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है। यह न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि समाज के लिए भी गंभीर चिंता का विषय बन गया है। शराब के कारण परिवार टूट रहे हैं और घरेलू हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं।

लड़ाई-झगड़े और घरेलू हिंसा की बढ़ती घटनाएं

महिलाओं ने थाना प्रभारी को बताया कि गांव में धड़ल्ले से बिक रही शराब ने सैकड़ों परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। पुरुष मेहनत-मजदूरी की कमाई नशे में खर्च कर देते हैं, जिससे घरों में कलह बढ़ रही है और बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। महिलाओं का कहना है कि शराब की लत ने गांवों की शांति और सुरक्षा को गहरी चोट पहुंचाई है। आए दिन मारपीट और झगड़े की घटनाएं सामने आ रही हैं।

कई गांवों की महिलाएं उतरीं मैदान में

ग्राम बासुदेव, पाँचौर, इटावा, सेमलपानी और गिल्लौर के बाद अब राला, अकावलिया और चीटीखेड़ा की महिलाएं भी आंदोलन में शामिल हो चुकी हैं। ग्राम पंचायत राला की सरपंच ममता बजाज के नेतृत्व में महिलाओं ने प्रशासन के सामने अपनी पीड़ा रखी। महिलाओं का कहना है कि वे कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब यदि कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

डायरी सिस्टम से अवैध सप्लाई 

महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांवों में डायरी सिस्टम के जरिए अवैध शराब की होम डिलीवरी की जा रही है। अधिकृत दुकान न होने के बावजूद किराना दुकानों और घरों से शराब आसानी से उपलब्ध हो जाती है। इससे शराब माफिया के मजबूत नेटवर्क और संभावित संरक्षण की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि युवा नशे के आदी होते जा रहे हैं और अपराध व बीमारियों की ओर बढ़ रहे हैं। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे व्यापक आंदोलन छेड़ेंगी।


संबंधित समाचार