इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से 1.57 करोड़ की चोरी का सनसनी खेज मामला सामने आया है। जहां चोरों ने 7 लीवर वाली हाईटेक तिजोरी को बिना नुकसान पहुंचाए सोने और हीरे के जेवरात ले उड़े। चोरी से इलाके में जहां सनसनी फैल गई है। तो वही चोरों ने वाईएन रोड स्थित रांका मेंशन के पास रहने वाले सरकारी ठेकेदार राजेश जैन के घर को निशाना बनाया । जिसकी सूचना पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
तिजोरी में रखे छोटे आभूषण सुरक्षित
जानकारी के मुताबिक, तिजोरी में रखे करीब 1 किलो 340 ग्राम सोने और हीरे के कीमती गहने गायब मिले हैं। इनमें परिवार के पुराने शादी के आभूषण और कई महंगे ज्वेलरी सेट भी शामिल हैं। परिवार के मुताबिक, तिजोरी में रखे छोटे आभूषण सुरक्षित हैं, जबकि बड़े और कीमती सेट चोरी हुए हैं।
घर के स्टाफ पर शक
तिजोरी में किसी तरह की तोड़फोड़ नहीं मिलने से पुलिस को आशंका है कि चाबी का इस्तेमाल कर इसे खोला गया होगा। परिवार ने घर के स्टाफ या किसी परिचित पर संदेह जताया है।
जांच में जुटी पुलिस
मामले में कारोबारी ने तुकोगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस चोरी की परिस्थितियों, घर में आने-जाने वालों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल चोरी गए जेवरों की बरामदगी और आरोपी की पहचान पुलिस के सामने चुनौती है।