भोपाल। मध्य प्रदेश की सरकार एक बार फिर बाजार से कर्ज लेने की तैयारी में है। आगामी 1 दिसंबर को राज्य सरकार 1500 करोड़ रुपये का नया कर्ज उठाएगी। यह राशि तीन अलग-अलग किस्तों में ली जाएगी, जिनमें प्रत्येक की रकम 500 करोड़ रुपये होगी।
वित्त वर्ष में ब्याज के 29,980 करोड़ रुपये चुकाए सरकार ने
आंकड़ों के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में नवंबर तक मध्य प्रदेश सरकार 51,900 करोड़ रुपये का कर्ज ले चुकी है। वहीं, कर्ज के ब्याज भुगतान पर अब तक 15,573 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। पिछले वित्त वर्ष में ब्याज के रूप में सरकार ने 29,980 करोड़ रुपये चुकाए थे।
विकास परियोजनाओं पर खर्च क जाएगी राशि
सरकार इस नई उधारी से मिलने वाली रकम को विकास परियोजनाओं पर खर्च करेगी। इसमें सड़क निर्माण, एक्सप्रेस-वे, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और बिजली परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। वित्त वर्ष 2026-27 में प्रदेश का पूंजीगत परिव्यय एक लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंचने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश की उधारी सीमा करीब 87 हजार करोड़ रुपये
केंद्र सरकार ने चालू वित्त वर्ष के लिए मध्य प्रदेश की उधारी सीमा करीब 87 हजार करोड़ रुपये निर्धारित की है। शुरुआती नौ महीनों के लिए 58,274 करोड़ रुपये की बाजार उधारी की मंजूरी मिली थी।
1 दिसंबर को कर्ज लेगी सरकार
बजट अनुमान के अनुसार, प्रदेश का कर्ज-जीएसडीपी अनुपात 32.53 प्रतिशत रहने का अनुमान है। ऐसे में नई उधारी और ब्याज भुगतान के आंकड़े राज्य की आर्थिक स्थिति के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।