रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 को लेकर राजधानी रायपुर में उत्साह बढ़ने वाला है। शुक्रवार, 30 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के हेलीकॉप्टर शहर के आसमान में नजर आएंगे। दोपहर 12:20 बजे से 12:45 बजे के बीच होने वाली इस उड़ान के दौरान शहरवासी अपने घरों की छतों से हेलीकॉप्टरों की झलक देख सकेंगे।
भारतीय वायुसेना की सारंग टीम अपने बेहतरीन हवाई करतब, सटीक तालमेल और शानदार उड़ान कौशल के लिए देश-विदेश में पहचान रखती है। टीम स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल करती है और अपने प्रदर्शन के जरिए भारतीय वायुसेना के साहस, अनुशासन और तकनीकी क्षमता का परिचय देती है।
2 नवंबर को नवा रायपुर में होगा एयर शो
राज्योत्सव के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का एयर शो आयोजित किया जाएगा। इससे पहले 30 अक्टूबर को रायपुर शहर के ऊपर हेलीकॉप्टरों की उड़ान लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। राजधानी के आसमान में भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों को देखने के लिए लोगों में उत्सुकता रहने की उम्मीद है।