Rewa Rahul Gandhi Poster : रीवा शहर में इन दिनों पोस्टर वार को लेकर राजनीति तेज हो गई है। शहर के कॉलेज चौराहे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ विवादित पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर में उन्हें “ब्रेनलेस” बताते हुए आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। साथ ही पोस्टर में लिखा गया है, “राहुल गांधी के ब्रेनलेस होने के फायदे, पार्टी की नेचुरल स्टूपिडिटी सबके सामने आ जाती है।” इतना ही नहीं, कांग्रेस का चुनाव चिन्ह भी पोस्टर में उल्टा दर्शाया गया है।
भाजपा नेता ने लगवाए पोस्टर
जानकारी के अनुसार ये पोस्टर भाजपा नेता गौरव तिवारी द्वारा लगवाए गए हैं। गौरव तिवारी ने कहा कि एआई समिट के दौरान राहुल गांधी द्वारा शर्ट उतारकर किए गए विरोध के चलते उन्होंने यह पोस्टर लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया है। उनका कहना है कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के व्यवहार के विरोध में “स्टूपिडिटी” शब्द का प्रयोग किया गया है।
चुनाव चिन्ह भी उल्टा
भाजपा नेता ने यह भी कहा कि कांग्रेस उल्टा काम कर रही है, इसलिए पोस्टर में उसका चुनाव चिन्ह भी उल्टा लगाया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टर लोकतांत्रिक विरोध का एक माध्यम हैं और राहुल गांधी लगातार देश और उसकी संस्थाओं का अपमान करते रहे हैं, इसलिए उनकी कथनी-करनी को जनता के सामने लाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
इस पोस्टर वार के बाद शहर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। फिलहाल कांग्रेस की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।