इंदौर। शहर के पलासिया क्षेत्र स्थित अपोलो टावर में नगर निगम ने फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। निगम की टीम ने टावर में संचालित 600 से अधिक दुकानों और ऑफिसों को सील कर दिया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तीन महीने पहले दिया था नोटिस
नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को करीब तीन महीने पहले फायर सेफ्टी व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद आवश्यक सुधार नहीं किए जाने पर निगम ने सीलिंग की कार्रवाई की।
अपोलो टावर में मची अफरा-तफरी
टीम के पहुंचने से पहले कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। इसके बाद निगम की कार्रवाई शुरू हुई और नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों को सील किया गया।
सुरक्षा मानकों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
अपोलो टावर शहर के प्रमुख व्यावसायिक परिसरों में शामिल है। निगम की इस कार्रवाई को फायर सेफ्टी नियमों के प्रति सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।