भोपाल : मध्य प्रदेश में पिछले 3 दिन से इंटर्न डॉक्टर्स स्टाइपेंड बढ़ोतरी को लेकर जहां आंदोलन कर रहे है। तो वही डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने इंटर्न डॉक्टर्स, जूडा और एमटीए के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर स्टाइपेंड ₹21,500 बढ़ाने का फैसला लिया है। करीब एक घंटे चले इस बैठक के बाद इंटर्न डॉक्टरों ने राहत की सांस ली।
2 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया
इतना ही नही छात्रों पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल के मामले में 2 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है। इसके साथ ही जांच के लिए टीम गठित की गई है। घायल छात्रों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
लिखित आश्वासन की मांग कर रहे थे डॉक्टर्स
बता दें कि इंटर्न डॉक्टर्स मासिक मानदेय मौजूदा 14,337 रुपये से बढ़ाकर 30,000 रुपये किये जाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान सरकार की ओर से 18 हजार रुपये स्टाइपेंड का प्रस्ताव रखा गया था। लेकिन डॉक्टर अपने प्रस्ताव पर कायम रहे और मांगों को लेकर सरकार से लिखित आश्वासन की मांग कर रहे थे।