संजय यादव// कवर्धा। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपरा और संस्कृति से जुड़े तीजा तिहार को कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। कवर्धा विधायक विजय शर्मा की पहल पर विधानसभा के अलग-अलग मंडलों में तीजा तिहार उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में 8 अगस्त को भाजपा कवर्धा ग्रामीण मंडल की महिलाओं के लिए जी श्याम पैलेस में रंगारंग तीजोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
पारंपरिक खेलों में दिखा उत्साह
तीजोत्सव के दौरान छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और लोक जीवन से जुड़े विभिन्न खेलों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महिलाओं ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
महिलाओं को संस्कृति से जोड़ने पर जोर
कार्यक्रम में विजय शर्मा की पत्नी रश्मि शर्मा भी शामिल हुईं। उन्होंने महिलाओं के साथ तीजोत्सव की खुशियां साझा कीं। रश्मि शर्मा ने कहा कि तीजा तिहार छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य महिलाओं को एक साथ जोड़ना, आपसी संवाद और भाईचारे को बढ़ावा देना तथा पारंपरिक संस्कृति और लोक खेलों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की खुशी और उत्साह ही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है।
महिलाओं ने पहल की सराहना की
कवर्धा ग्रामीण मंडल की महिलाओं ने कहा कि सामूहिक तीजोत्सव के आयोजन से उन्हें अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिला। पारंपरिक खेलों और प्रतियोगिताओं में शामिल होकर महिलाओं ने उत्साह के साथ पर्व मनाया। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ तीजा तिहार की खुशियां साझा कीं और छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति एवं परंपराओं को सहेजने का संकल्प लिया।