भोपाल। मध्यप्रदेश में अब सर्दी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी और उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। जिसके चलते 15 नवंबर के बाद रात के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
सुबह और रात में ठिठुरन बढ़ने की संभावना
इसका बदलाव का असर भोपाल, इंदौर सहित प्रदेश के करीब 20 शहरों में देखने को मिलेगा। खासकर सुबह और देर रात में ठिठुरन बढ़ने की संभावना है। फिलहाल प्रदेश के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
बदलाव का सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल संभाग में दिखेगा
मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल संभाग में देखने को मिल सकता है। यहां अन्य क्षेत्रों की तुलना में ठंड अधिक महसूस होने का अनुमान है।
नवंबर के दूसरे पखवाड़े में सर्दी होगी और तेज
हालांकि, दिन के समय धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिलती रहेगी, लेकिन सुबह और रात का मौसम ठंडा रहेगा। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में सर्दी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल मौसम विभाग की ओर से प्रदेश में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
करौंदी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, कटनी जिले का करौंदी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर में पारा 11.1 डिग्री और भोपाल में 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। खास बात ये है कि हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री रहा। यानी भोपाल और इंदौर की रातें पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडी रहीं।