MP Weather: मध्यप्रदेश में नौतपे के दूसरे दिन कुदरत के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां पूरा सूबा भीषण तपिश और लू की चपेट में है, वहीं नौतपे की शुरुआत आंधी और छिटपुट बूंदाबांदी के साथ हुई है। मौसम केंद्र के मुताबिक, वर्तमान में प्रदेश के 45 से अधिक जिले तीव्र लू की मार झेल रहे हैं।
ऐसा रहा पहला दिन
नौतपे के पहले दिन राजधानी भोपाल, दमोह और उमरिया समेत 15 से ज्यादा इलाकों में सुबह से लेकर दोपहर तक सूरज ने खूब तेवर दिखाए, लेकिन शाम होते-होते आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिसने हवा में उमस और बढ़ा दी है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आगामी तीन दिनों तक सूरज का यह रौद्र रूप जारी रहेगा, जिसके बाद ही राहत की उम्मीद की जा सकती है।
मौसम विभाग की चेतावनी
इन 5 जिलों में 'तीव्र लू' का रेड अलर्ट : निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना
इन 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट : सागर, दमोह, गुना, आगर-मालवा, राजगढ़, भिंड, दतिया, नरसिंहपुर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, जबलपुर, मंडला और बालाघाट
22 जिलों में यलो अलर्ट: भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, शहडोल, डिंडौरी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और अनूपपुर।
इन शहरों में रहेगी 'तेज गर्मी': इंदौर, देवास, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल और सिवनी।
28 मई को प्री-मानसून की दस्तक!
भीषण गर्मी से बेहाल मध्य प्रदेश वासियों के लिए मौसम विभाग ने एक बड़ी राहत भरी खबर भी साझा की है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले 3 दिनों तक लू का यह सितम सहने के बाद सूबे में प्री-मानसून गतिविधियां रफ्तार पकड़ेंगी। अनुमान जताया गया है कि 28 मई को मध्य प्रदेश में प्री-मानसून की पहली आधिकारिक दस्तक हो सकती है, जिससे तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बौछारें गिरेंगी और तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जाएगी।