सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर में नगर पंचायत शिवनंदनपुर चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मामले को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिश्रामपुर थाने के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
यह धरना 25 मई की दोपहर से लगातार जारी है। मंगलवार सुबह तक भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता थाने के बाहर डटे रहे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी धरने में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं के साथ थाने के मुख्य द्वार पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। तेज गर्मी के बीच कांग्रेस नेताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
“भाजपा हार के डर से कर रही कार्रवाई” – दीपक बैज
धरना स्थल पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज मामला पूरी तरह राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई है। उनका आरोप है कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस की मजबूत स्थिति से भाजपा घबराई हुई है, इसलिए विपक्षी नेताओं को चुनाव प्रचार से दूर करने के लिए ऐसे मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले की शिकायत चुनाव आयोग से करेगी और जल्द ही पार्टी का प्रतिनिधिमंडल आयोग से मुलाकात करेगा। कांग्रेस नेताओं ने साफ किया है कि जब तक कार्रवाई वापस नहीं ली जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कांग्रेस ने रखीं तीन बड़ी मांगें
धरने के दौरान कांग्रेस ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं—
नरेंद्र जैन पर लगी आर्म्स एक्ट की धाराएं तुरंत हटाई जाएं।
नरेंद्र जैन की पत्नी की शिकायत पर भी मामला दर्ज किया जाए।
कथित फर्जी कार्रवाई करने वाले बिश्रामपुर थाना प्रभारी को निलंबित किया जाए।
आंदोलन को व्यवस्थित तरीके से चलाने के लिए कांग्रेस संगठन ने वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं।
देर रात पहुंचे टी.एस. सिंह देव
धरना 14 घंटे से ज्यादा समय तक चलता रहा। देर रात करीब 1 बजे पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव भी धरना स्थल पहुंचे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पुलिस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि हथियार बरामद हुआ या नहीं। बिना पर्याप्त जांच के गंभीर धाराएं लगाना सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के निर्णय के साथ खड़ी है।
आज धरने में शामिल होंगे भूपेश बघेल
कांग्रेस अब इस आंदोलन को और बड़ा करने की तैयारी में है। जानकारी के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज बिश्रामपुर पहुंचकर धरने में शामिल होंगे। इसे लेकर इलाके में राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं। शिवनंदनपुर नगर पंचायत के पहले चुनाव के बीच यह विवाद अब पूरी तरह राजनीतिक मुद्दा बन चुका है और आने वाले दिनों में इसका असर चुनावी माहौल पर भी देखने को मिल सकता है।