होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Morning Breaking: श्रमिकों को CM साय देंगे करोड़ों की सौगात, 200 मेधावी बच्चों का सम्मान; भूपेश बघेल का दिल्ली दौरा

Morning Breaking: श्रमिकों को CM साय देंगे करोड़ों की सौगात, 200 मेधावी बच्चों का सम्मान; भूपेश बघेल का दिल्ली दौरा

Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में सोमवार, 24 अगस्त का दिन कई अहम गतिविधियों से जुड़ा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर निर्माण श्रमिकों के परिवारों को बड़ी सौगात देंगे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली दौरे पर जाएंगे। इसके अलावा सुकमा जिले में ग्रामीणों को स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने के लिए मेगा आयुष्मान कैंप लगाया जाएगा। रायपुर में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बाइक रैली भी निकाली जाएगी।

श्रमिकों के खातों में ट्रांसफर होंगे 39.67 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ के कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में शैक्षणिक और खेलकूद के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले निर्माण श्रमिकों के 200 मेधावी बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।इसी कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 1,45,841 श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री 18 अलग-अलग श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के तहत करीब 39.67 करोड़ रुपये की राशि DBT के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे। इस सहायता के जरिए श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।

भूपेश बघेल आज दिल्ली दौरे पर

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल 24 अगस्त को दिल्ली जाएंगे। उनके दौरे को पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक बघेल सुबह करीब 9 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल से नियमित उड़ान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। लगभग सवा 11 बजे दिल्ली पहुंचने के बाद वे छत्तीसगढ़ भवन जाएंगे। दिल्ली प्रवास के दौरान उनके पार्टी की बैठकों में शामिल होने और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करने की संभावना है। उनके पंजाब जाने की भी चर्चा है, हालांकि फिलहाल वापसी का कार्यक्रम स्पष्ट नहीं है।

सुकमा में आज मेगा आयुष्मान कैंप

सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड में सोमवार को पात्र लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के लिए मेगा आयुष्मान कैंप लगाया जाएगा।प्रशासन के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के लिए 186 टीमें तैनात की गई हैं। कैंप के दौरान पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। ग्रामीणों की सुविधा को देखते हुए कैंप सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित किया जाएगा। छिंदगढ़ विकासखंड के कुल 30 गांवों में कैंप आयोजित होंगे। इनमें कुन्ना, मिचवार, डब्बा, पुसगुन्ना, कुंदनपाल, अधिकारीरास, पालेम, पेरमारास, कावराकोपा, चिड़पाल, कंकेपाल, टाहकवाड़ा, चियुरवाड़ा, टोंगरास, बोदरास, पेदारास, कुकानार, कोडरीपाल-2, सौतनार, कोकावाड़ा, गुम्मा, नेतानार, तालनार, गंजेनार, कवासीरास, उरमापाल, गुड़रा, मेखावाया, चिपुरपाल और केरातोंग शामिल हैं।

रायपुर में निकलेगी हुसैनी सेना की बाइक रैली

ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर रायपुर में सोमवार को हुसैनी सेना की बाइक रैली आयोजित की जाएगी। रैली दोपहर 3 बजे बंजारी वाले बाबा की दरगाह के सामने स्थित औलिया चौक से रवाना होगी। रैली शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए संतोषी नगर-संजय नगर क्षेत्र में समाप्त होगी। आयोजन में विभिन्न सामाजिक संगठनों और समुदायों से जुड़े प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी है। रैली को प्रमुख अतिथियों और हुसैनी सेना के पदाधिकारियों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
 


संबंधित समाचार