होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती की सेकंड लिस्ट को लेकर कवर्धा में बवाल, 1600 पदों पर भर्ती की मांग पर अड़े अभ्यर्थी

छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती की सेकंड लिस्ट को लेकर कवर्धा में बवाल, 1600 पदों पर भर्ती की मांग पर अड़े अभ्यर्थी

कवर्धा: छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती की सेकंड लिस्ट जारी करने और 1600 रिक्त पदों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। कवर्धा में पिछले तीन दिनों से प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के बीच बातचीत के दौरान माहौल उस समय गरमा गया, जब दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई।

गृह मंत्री ने दिया आश्वासन, मांगों पर अड़े अभ्यर्थी

अभ्यर्थियों के प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद गृह मंत्री विजय शर्मा उनसे बातचीत करने मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस भर्ती से जुड़ी अपनी मांगों को लेकर अभ्यर्थियों ने गृह मंत्री के सामने अपनी बात रखी। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कई मुद्दों पर बहस भी हुई। गृह मंत्री ने अभ्यर्थियों को उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी इससे संतुष्ट नजर नहीं आए। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि वे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अपनी मांगों पर ठोस निर्णय चाहते हैं।

रात में गृह मंत्री के कार्यालय का घेराव

गृह मंत्री से बातचीत के बाद भी आंदोलन खत्म नहीं हुआ। रात में बड़ी संख्या में पुलिस भर्ती के अभ्यर्थी विजय शर्मा के कार्यालय के बाहर पहुंच गए और कार्यालय का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारी गेट के सामने बैठकर नारेबाजी करते रहे प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थी सड़क पर लेटकर भी विरोध जताते नजर आए। बाजे-गाजे के साथ देर रात तक प्रदर्शन जारी रहा, जिससे इलाके में काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सीधे बातचीत की मांग

आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की सबसे प्रमुख मांग है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं कवर्धा पहुंचकर उनसे बातचीत करें। अभ्यर्थियों का कहना है कि पुलिस भर्ती की प्रक्रिया को लेकर उनकी मांग लंबे समय से बनी हुई है और अब वे सरकार से स्पष्ट निर्णय चाहते हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों को लेकर ठोस फैसला नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

कार्यालय में फंसा गृह मंत्री का वाहन

प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब गृह मंत्री का वाहन और कुछ कार्यकर्ता कार्यालय परिसर के अंदर ही फंस गए। प्रदर्शनकारियों की भीड़ के कारण वाहन को बाहर निकालना मुश्किल हो गया। बाद में विजय शर्मा को दूसरे वाहन से कार्यालय से निकलकर अपने घर जाना पड़ा। वहीं, पुलिस भर्ती के अभ्यर्थी अभी भी अपनी मांगों को लेकर कार्यालय के गेट के बाहर डटे हुए हैं।

क्या हैं अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगें?

अभ्यर्थियों की मांग है कि छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती की सेकंड लिस्ट जल्द जारी की जाए और भर्ती प्रक्रिया में 1600 रिक्त पदों को शामिल किया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन पदों पर भर्ती होने से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिल सकता है। फिलहाल कवर्धा में पुलिस भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। अब सभी की नजर सरकार के अगले कदम और मुख्यमंत्री स्तर पर होने वाली संभावित बातचीत पर है।


संबंधित समाचार