मैहर : मध्य प्रदेश को नशा मुक्त प्रदेश बनाने की तर्ज पर प्रदेश सरकार ने "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" विशेष अभियान की शुरुआत की है। जिसका आयोजन प्रदेशभर में 15 से 30 जुलाई तक किया गया है। 15 दिवसीय चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाना, समाज में जनजागरूकता बढ़ाना तथा नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और सेवन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इसी के चलते मैहर में भी अभियान की शुरुआत की गई और एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने छात्रों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
नशामुक्त समाज का संकल्प
अभियान के पहले दिन मैहर पुलिस ने शहर में व्यापक जनजागरूकता रैली का आयोजन किया। इस रैली में बड़ी संख्या में स्कूली छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और स्लोगन लेकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। रैली के दौरान "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो", "स्वस्थ युवा, सशक्त भारत" और "नशे से दूरी है जरूरी" जैसे संदेशों के माध्यम से नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया।
रैली का शुभारंभ उस्ताद अलाउद्दीन खान स्टेडियम से हुआ
रैली का शुभारंभ उस्ताद अलाउद्दीन खान स्टेडियम से हुआ। इसके बाद छात्राएं और पुलिस अधिकारी स्टेट बैंक चौराहा, घंटाघर, अलाउद्दीन चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः स्टेडियम पहुंचे, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे मार्ग में लोगों ने रैली का स्वागत किया और अभियान के संदेश को सराहा।
नशामुक्त समाज का निर्माण
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
सार्वजनिक स्थलों पर फैलाई जाएगी जागरूकता
मैहर पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम, शपथ समारोह, रैलियां और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, तस्करी और सेवन करने वालों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी।
जागरूगता फैलाने सड़कों पर उतरी पुलिस
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह अभियान केंद्र सरकार के "नशा मुक्त भारत अभियान" के अनुरूप संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर एक स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण करना है। इसके लिए जनभागीदारी को सबसे महत्वपूर्ण आधार माना गया है, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंच सके।