धमतरी। शहर की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। रितुराज पवार फाउंडेशन के माध्यम से समाजसेवी अमित नंदकिशोर अग्रवाल और विकास सिंह (सन्नी) द्वारा धमतरी को आधुनिक सुविधाओं से लैस वेंटिलेटर एम्बुलेंस समर्पित की जाएगी। इस एम्बुलेंस का लोकार्पण 16 जुलाई को शाम 5:30 बजे विध्यवासिनी मंदिर के पीछे स्थित गौशाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में होगा।
आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से होगी सुसज्जित
नई एम्बुलेंस में गंभीर मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक आधुनिक उपकरण उपलब्ध रहेंगे। इसमें वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम, डिफिब्रिलेटर, फर्स्ट एड किट और प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ की सुविधा होगी। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक और अन्य गंभीर परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्राथमिक जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध कराना है।
जरूरतमंद मरीजों को मिलेगा लाभ
फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि यह सेवा विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों को ध्यान में रखकर शुरू की जा रही है। पात्र लोगों को एम्बुलेंस की सुविधा निःशुल्क या न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसी भी मरीज को आर्थिक कारणों से आपातकालीन चिकित्सा से वंचित न होना पड़े।
अस्पताल पहुंचने से पहले मिलेगी जीवनरक्षक सुविधा
समाजसेवी अमित नंदकिशोर अग्रवाल ने कहा कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में समय सबसे महत्वपूर्ण होता है। कई मामलों में अस्पताल पहुंचने से पहले ही मरीज की स्थिति गंभीर हो जाती है। इसी जरूरत को देखते हुए ऐसी एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जा रही है, जिसमें अस्पताल ले जाते समय भी आवश्यक चिकित्सा सहायता मिल सके।
उन्होंने कहा कि यदि इस पहल से किसी एक व्यक्ति का भी जीवन बचाया जा सके, तो यही इस प्रयास की सबसे बड़ी सफलता होगी।
सेवा कार्यों का विस्तार
समाजसेवी विकास सिंह (सन्नी) ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं किसी भी समाज की मूल आवश्यकता हैं। उन्होंने बताया कि रितुराज पवार फाउंडेशन लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय है और यह एम्बुलेंस सेवा उसी जनसेवा अभियान का विस्तार है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह सुविधा धमतरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगी।
रितुराज पवार की सेवा भावना से मिली प्रेरणा
दानदाताओं ने बताया कि इस जनहितकारी पहल की प्रेरणा उन्हें रितुराज पवार के समाजसेवा कार्यों और जनकल्याण की सोच से मिली। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए यह एम्बुलेंस सेवा शुरू की जा रही है।
फाउंडेशन ने भरोसा दिलाया कि एम्बुलेंस का संचालन पारदर्शी व्यवस्था के साथ किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोगों तक समय पर और बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंच सके।
कार्यक्रम में ये रहेंगे मौजूद
लोकार्पण कार्यक्रम में महापौर रामु रोहरा, कलेक्टर अविनाश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक भावना पांडे, रितुराज पवार फाउंडेशन के प्रमुख रितुराज पवार, विध्यवासिनी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष आनंद पवार, गौशाला ट्रस्ट के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और शहर के अनेक गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।