कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर में बुधवार को दिनदहाड़े लूट की कोशिश का मामला सामने आया। दर्रीपारा स्थित स्टेट बैंक के पास एक बुजुर्ग से 3 लाख 50 हजार रुपये से भरा बैग छीनकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। आरोपी की मौके पर ही पिटाई की गई, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे थे बुजुर्ग
जानकारी के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग अपने निजी कार्य के लिए स्टेट बैंक से 3.50 लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से मौके पर नजर रखे आरोपी ने अचानक उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और मौके से भागने लगा।
लोगों ने दिखाई सतर्कता, पीछा कर दबोचा
बुजुर्ग के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर ही युवक को पकड़ लिया गया। गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस कर रही पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने वारदात अकेले अंजाम देने की कोशिश की या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना के सभी पहलुओं की पुष्टि की जा सके। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।