महासमुंद। महासमुंद में रविवार को आयोजित हरिभूमि-आईएनएच जिला संवाद कार्यक्रम प्रदेश की राजनीति और जिले के विकास से जुड़े मुद्दों पर खुली बहस का मंच बना। कार्यक्रम में हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने जनप्रतिनिधियों से तीखे और सीधे सवाल किए, जिनका जवाब जिले के प्रभारी एवं खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी और कांग्रेस विधायक द्वारिकाधीश यादव ने अपने-अपने अंदाज में दिया।कार्यक्रम में विकास कार्यों, भ्रष्टाचार, धान खरीदी, अवैध रेत खनन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व व्यवस्था, सिंचाई परियोजनाओं और प्रदेश की राजनीतिक स्थिति जैसे मुद्दों पर भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच जमकर जुबानी जंग देखने को मिली।
भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने विकास के नाम पर भ्रष्टाचार किया, जबकि वर्तमान सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों से रिकॉर्ड धान खरीदी कर समय पर भुगतान सुनिश्चित किया गया। धान खरीदी के दौरान बारदानों की उपलब्धता, तौल व्यवस्था और बाहरी धान की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी रखी गई, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
मुख्यमंत्री साय की कार्यशैली की सराहना
महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने चुनावी वादों को धरातल पर उतारने का काम किया है। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति इसका सबसे बड़ा उदाहरण है और गांवों में तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि सिंचाई, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य हो रहे हैं तथा जल संरक्षण की नई योजनाओं से किसानों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
सड़क, रेलवे और सिंचाई परियोजनाओं पर दी जानकारी
सांसद चौधरी ने कहा कि कोमाखान-छुरा सड़क, गाड़ाघाट पुल, तुमगांव मार्ग और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने बताया कि रेलवे लाइन की डीपीआर तैयार की जा रही है तथा जल संरक्षण के लिए पाइपलाइन आधारित योजनाओं पर भी सरकार कार्य कर रही है।
कांग्रेस विधायक ने सरकार को घेरा
कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने नकटी क्षेत्र में गरीबों के मकान तोड़े जाने की घटना का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अवैध रेत खनन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है और किसानों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाओं का लाभ आम लोगों तक अपेक्षित स्तर पर नहीं पहुंच पा रहा है।
अवैध खनन पर मंत्री का जवाब
मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि सरकार अवैध रेत खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि कई खदानों में मशीनें जब्त की गई हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई बिना किसी भेदभाव के जारी रहेगी।
राइस मिलरों और धान खरीदी पर भी बोले मंत्री
राइस मिलरों की समस्याओं पर मंत्री बघेल ने कहा कि सरकार लगातार भुगतान कर रही है और मिलिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री स्तर पर नियमित बैठकें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों और मिलरों दोनों के हितों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
कार्यक्रम में खुलकर हुई राजनीतिक बहस
जिला संवाद के दौरान भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने प्रदेश की राजनीति, विकास कार्यों, किसानों की स्थिति, महिला सशक्तिकरण, जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी राजनीतिक परिस्थितियों पर खुलकर अपनी राय रखी। सवाल-जवाब के इस कार्यक्रम में जिले के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दे सामने आए और दोनों दलों ने अपने-अपने पक्ष मजबूती से रखे।