राजेश दीक्षित, छिंदवाड़ा : छिंदवाड़ा जिले में दिनदहाड़े सराफा व्यापारी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने कुख्यात ‘केकड़ा गैंग’ के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। वहीं, वारदात में शामिल तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, सराफा व्यापारी ओमचंद सोनी हर सोमवार की तरह 26 जनवरी को ग्राम खंसवाड़ा के साप्ताहिक बाजार में सोना-चांदी की दुकान लगाने पहुंचे थे। बाजार समाप्त होने के बाद वे अपनी मोपेड से जेवरात से भरा बैग लेकर अपने गांव गांगीवाड़ा लौट रहे थे।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
शाम के समय जब ओमचंद सोनी भमाड़ा चौक से कुंडाली खुर्द रोड पर बगीचे के पास पहुंचे, तभी पीछे से दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी। व्यापारी को सड़क पर गिराकर बदमाशों ने बेरहमी से मारपीट की और मोपेड में टंगा काले रंग का बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में मौजूद सोना-चांदी के जेवरात की कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई।
ऐसे गिरफ्त में आए आरोपी
घटना के बाद देहात पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अलग-अलग टीमें गठित कर साइबर सेल की मदद से डिजिटल साक्ष्य और PSTN डेटा के आधार पर संदिग्धों को चिन्हित किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने काराबोह डैम क्षेत्र से आकाश मालवीय और राजेश मालवी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने लूट की पूरी साजिश का खुलासा किया।
जंगल में बांटा सोना और चांदी
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों बिलाल उर्फ बिल्ला खान, कीकू उर्फ केकड़ा, राहुल रसियन, नैतिक उर्फ नैतू और एक नाबालिग के साथ मिलकर पहले व्यापारी की रेकी की और फिर वारदात को अंजाम दिया। लूट के बाद सभी आरोपी परासिया रोड के एक सुनसान जंगल में पहुंचे, जहां चांदी के जेवर आपस में बांट लिए गए, जबकि सोने के जेवर कीकू उर्फ केकड़ा के पास रखवाए गए थे।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी है। दिनदहाड़े हुई इस लूट का खुलासा पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।