होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छत्तीसगढ़ में 20 दिन बंद रहेंगे मनरेगा के काम, जानिए बस्तर, मैदानी और सरगुजा क्षेत्र में कब लागू होगी रोक

छत्तीसगढ़ में 20 दिन बंद रहेंगे मनरेगा के काम, जानिए बस्तर, मैदानी और सरगुजा क्षेत्र में कब लागू होगी रोक

छत्तीसगढ़ में खेती-किसानी के व्यस्त मौसम के दौरान कृषि मजदूरों की कमी रोकने के लिए राज्य सरकार ने ग्रामीण रोजगार योजना के कार्यों पर 20 दिनों की रोक लगाने का फैसला किया है। इस दौरान ग्राम पंचायतों में न तो कोई नया काम शुरू किया जाएगा और न ही पहले से स्वीकृत कार्यों का निष्पादन होगा। सरकार ने राज्य के तीन कृषि जलवायु क्षेत्रों के लिए अलग-अलग तारीखें निर्धारित की हैं। यह व्यवस्था विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी VB-G RAM G अधिनियम के तहत लागू की गई है।

तीन कृषि क्षेत्रों में अलग-अलग तारीखों पर बंद रहेंगे काम

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, राज्य में खेती के स्थानीय पैटर्न और कृषि मजदूरों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत बस्तर के पठारी क्षेत्र में 5 नवंबर से 25 नवंबर तक, जबकि छत्तीसगढ़ के मैदानी और सरगुजा के उत्तरी क्षेत्र में 10 नवंबर से 30 नवंबर तक ग्रामीण रोजगार योजना के कार्य बंद रहेंगे।

प्रत्येक कृषि जलवायु क्षेत्र के लिए 20 दिनों की अवधि निर्धारित की गई है। इसका उद्देश्य खरीफ फसलों की कटाई और रबी फसलों की बुआई के दौरान किसानों को पर्याप्त संख्या में मजदूर उपलब्ध कराना है।

पहले से स्वीकृत कामों पर भी रहेगी रोक

सरकार के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित प्रतिबंधित अवधि के दौरान ग्रामीण रोजगार योजना के अंतर्गत कोई नया कार्य शुरू नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा पहले से स्वीकृत और संचालित कार्यों का निष्पादन भी नहीं होगा।

इस निर्देश का पालन ग्राम पंचायतों, कार्यक्रम अधिकारियों, जिला कार्यक्रम समन्वयकों और संबंधित क्रियान्वयन एजेंसियों को करना होगा।

हालांकि, इस अवधि में कुछ जरूरी भुगतान जारी रहेंगे। इनमें बेरोजगारी भत्ते का भुगतान, मजदूरी में देरी होने पर मिलने वाला मुआवजा और योजना से जुड़े प्रशासनिक खर्च शामिल हैं।

प्राकृतिक आपदा की स्थिति में मिल सकती है छूट

सरकार ने विशेष परिस्थितियों के लिए राहत का प्रावधान भी रखा है। यदि किसी क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा या अन्य असाधारण स्थिति उत्पन्न होती है, तो राज्य सरकार की सिफारिश पर केंद्र सरकार निर्धारित प्रतिबंध अवधि में छूट दे सकती है।

यह फैसला कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी और प्रदेश के अलग-अलग कृषि जलवायु क्षेत्रों में प्रचलित खेती के तौर-तरीकों के आधार पर लिया गया है।

आदेश के मुताबिक खरीफ फसलों की बुआई की चरम कृषि अवधि पहले ही समाप्त हो चुकी है। इसी वजह से इस बार खरीफ की बुआई के लिए अलग से रोजगार कार्यों पर रोक की अवधि निर्धारित नहीं की गई है।

किस जिले में कब बंद रहेंगे रोजगार योजना के काम?

राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ को तीन कृषि जलवायु क्षेत्रों में बांटकर काम बंद रखने की तारीखें तय की हैं।

1. बस्तर का पठारी क्षेत्र: 5 से 25 नवंबर

इस क्षेत्र में बस्तर, नारायणपुर, बीजापुर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा और सुकमा जिले शामिल हैं। इसके साथ ही कांकेर जिले के शेष विकासखंडों में भी निर्धारित अवधि के दौरान रोजगार योजना के काम बंद रहेंगे।

2. छत्तीसगढ़ का मैदानी क्षेत्र: 10 से 30 नवंबर

मैदानी क्षेत्र में रायपुर, दुर्ग, धमतरी, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा और जांजगीर-चांपा समेत कुल 20 जिलों के निर्धारित क्षेत्र शामिल हैं। यहां खरीफ फसलों की कटाई और रबी फसलों की बुआई के व्यस्त समय को देखते हुए 10 से 30 नवंबर तक योजना के कार्यों पर रोक रहेगी।

3. सरगुजा का उत्तरी क्षेत्र: 10 से 30 नवंबर

इस क्षेत्र में सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और जशपुर जिले शामिल हैं। इसके अलावा रायगढ़ जिले का धरमजयगढ़ विकासखंड भी इस दायरे में आएगा। यहां भी 10 नवंबर से 30 नवंबर तक ग्रामीण रोजगार योजना के काम नहीं किए जाएंगे।

किसानों को मिलेगी खेती के लिए मजदूरों की उपलब्धता

राज्य सरकार के इस फैसले का प्रमुख उद्देश्य कृषि कार्यों के महत्वपूर्ण समय में मजदूरों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। खरीफ फसलों की कटाई और रबी फसलों की बुआई के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि मजदूरों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में ग्रामीण रोजगार योजना के कार्यों को अस्थायी रूप से रोकने से खेती-किसानी के लिए श्रमिकों की उपलब्धता बेहतर बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।


संबंधित समाचार