आम लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। राज्य शासन के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा 16 से 30 नवंबर तक विशेष अभियान “सुरक्षित आहार, हमर अधिकार” चलाया जा रहा है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, मिठाई दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जा रही है।
20 होटल-ढाबों और खाद्य दुकानों का निरीक्षण
अभियान के शुरुआती दो दिनों यानी 16 और 17 नवंबर को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में करीब 20 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ साफ-सफाई और सुरक्षा से जुड़े नियमों की जांच की।
इस दौरान प्रतिष्ठानों के रसोईघर की स्वच्छता, खाद्य सामग्री के रखरखाव, भोजन तैयार करने और परोसने की व्यवस्था तथा कर्मचारियों की व्यक्तिगत साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके अलावा खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल किए जा रहे रंगों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अनिवार्य लाइसेंस और पंजीयन से संबंधित दस्तावेजों का भी सत्यापन किया।
गड़बड़ी मिलने पर नोटिस, लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी खामियां पाई गईं, उनके संचालकों को सुधार सूचना जारी की जा रही है। संबंधित कारोबारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कमियां दूर करने और खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के सभी जरूरी मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य लाइसेंस और पंजीयन के निलंबन जैसी कार्रवाई भी नियमानुसार की जा रही है।
बिना लाइसेंस कारोबार करने वालों पर होगी सख्ती
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीयन के कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह विशेष अभियान 30 नवंबर तक जारी रहेगा। विभाग ने सभी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, मिठाई दुकान और अन्य खाद्य कारोबारियों से अपने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।
प्रशासन का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को मिलावटरहित, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना भी है।