रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रदेश में दूसरे चरण की जनगणना के दौरान नागरिकों की जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक जानकारियां एकत्रित की जाएंगी। इस काम के लिए 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक कर्मचारी घर-घर पहुंचकर सर्वेक्षण करेंगे। वहीं, इससे पहले नागरिकों को 10 से 24 जनवरी तक ऑनलाइन स्व-गणना करने का विकल्प दिया जाएगा। खास बात यह है कि ऑनलाइन स्व-गणना करना अनिवार्य नहीं होगा। जो लोग खुद अपनी जानकारी दर्ज नहीं करेंगे, उनके घर पहुंचकर प्रगणक जानकारी जुटाएंगे।
त्रुटिरहित जनगणना सुनिश्चित करने के निर्देश
जनगणना की तैयारियों की समीक्षा के लिए 27 नवंबर को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी जिलों के कलेक्टर, संभागायुक्त और जिला जनगणना अधिकारियों को निर्धारित समय में सटीक और त्रुटिरहित जनगणना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कर्मचारियों के प्रशिक्षण, मैदानी स्तर पर निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
72 हजार से ज्यादा कर्मचारियों के कंधों पर होगी जिम्मेदारी
जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल ने कार्यशाला में बताया कि छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में जनगणना का काम किया जाएगा। इसमें प्रदेश के 14 नगर निगम, 195 नगर और 19,978 गांव शामिल होंगे। इस व्यापक अभियान के संचालन के लिए प्रशासनिक स्तर पर 47 प्रमुख जनगणना अधिकारियों और 472 चार्ज के माध्यम से व्यवस्था तैयार की गई है। प्रदेश में करीब 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इन ब्लॉकों में सर्वेक्षण के लिए 10 प्रतिशत अतिरिक्त आरक्षित कर्मचारियों को मिलाकर कुल 62,102 प्रगणकों और 10,667 पर्यवेक्षकों की आवश्यकता होगी। इस तरह जनगणना के दूसरे चरण में 72 हजार से अधिक अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। प्रत्येक गणना ब्लॉक में औसतन 800 लोगों की आबादी रखी जाएगी। जिन क्षेत्रों में जनसंख्या अधिक होगी, वहां जरूरत के मुताबिक छोटे ब्लॉक बनाए जाएंगे।
जनवरी में मिलेगी ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा
इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल तकनीक के माध्यम से संचालित की जाएगी। इसके लिए प्रशासन ने तारीखों का निर्धारण भी कर दिया है।
10 से 24 जनवरी 2027: नागरिक ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।
25 जनवरी से 28 फरवरी 2027: प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का सर्वेक्षण करेंगे।
1 से 5 मार्च 2027: एकत्रित आंकड़ों का पुनरीक्षण किया जाएगा।
ऑनलाइन स्व-गणना के दौरान नागरिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी और परिवार की जानकारी भर सकेंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक विशिष्ट आईडी जारी होगी। इस आईडी को बाद में संबंधित प्रगणक को दिखाना होगा। हालांकि, जिन नागरिकों के लिए ऑनलाइन जानकारी दर्ज करना संभव नहीं होगा, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। उनके घर पहुंचकर जनगणना कर्मचारी आवश्यक विवरण प्राप्त करेंगे।
16 भाषाओं में काम करेगा जनगणना मोबाइल एप
जनगणना की प्रक्रिया को आसान और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष मोबाइल एप तैयार किया गया है। यह एप 16 अलग-अलग भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। इसकी खासियत यह होगी कि इंटरनेट कनेक्शन नहीं होने पर भी कर्मचारी ऑफलाइन तरीके से आंकड़े दर्ज कर सकेंगे। इसके अलावा जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली यानी सीएमएमएस पोर्टल के जरिए गणना ब्लॉक तैयार करने, कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने, प्रशिक्षण देने और पूरे अभियान की निगरानी का काम किया जाएगा। नागरिकों की निजी जानकारी की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसमें पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का उपयोग किया जाएगा अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान एकत्र की जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी का इस्तेमाल केवल सांख्यिकीय आंकड़े तैयार करने के लिए किया जाएगा। इसका किसी सरकारी प्रमाण पत्र या योजना का लाभ लेने की पात्रता से कोई संबंध नहीं रहेगा।
पांच चरणों में तैयार किए जाएंगे जनगणना कर्मचारी
जनगणना को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए कर्मचारियों को पांच स्तरों पर प्रशिक्षण देने की योजना बनाई गई है। राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स और जिला एवं चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण पहले ही पूरा किया जा चुका है। अब फील्ड ट्रेनर्स के लिए 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 के बीच प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्य सचिव विकासशील ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि जनगणना में नियुक्त कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से बताई जाएं। साथ ही उनके कामकाज की नियमित समीक्षा भी होनी चाहिए। उन्होंने जनगणना कार्य में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक से जुड़े निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने को कहा।
ग्रामीण इलाकों और बस्तर के हाट-बाजारों में भी चलेगा जागरूकता अभियान
जनगणना को लेकर लोगों के बीच किसी तरह का भ्रम या गलतफहमी न फैले, इसके लिए राज्य सरकार व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगी। अपर मुख्य सचिव निहारिका बारिक ने कहा कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में नागरिकों का विश्वास और सहयोग बेहद जरूरी है। इसके लिए दिसंबर के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों और बस्तर के हाट-बाजारों में लोगों को जनगणना की प्रक्रिया, इसके उद्देश्य और जरूरी जानकारियों से अवगत कराया जाएगा।
विकास योजनाओं के निर्माण में अहम होंगे जनगणना के आंकड़े
कार्यशाला में डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल वृषाली वराडे ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसके माध्यम से मिलने वाले आंकड़े देश और राज्यों की विकास नीतियों एवं योजनाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सही आंकड़े जुटाने के लिए प्रगणकों को बेहतर प्रशिक्षण देना जरूरी है। इसके साथ ही जनगणना से संबंधित किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी सामने आने पर उसका तत्काल खंडन किया जाना चाहिए। प्रशासन ने प्रदेश के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना अभियान में पूरा सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि छत्तीसगढ़ के लिए विश्वसनीय जनसांख्यिकीय आंकड़े तैयार किए जा सकें।