होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

रायपुर प्रेस क्लब में महिला पत्रकारों का सम्मान, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया ‘पिंक रूम’ का उद्घाटन...

रायपुर प्रेस क्लब में महिला पत्रकारों का सम्मान, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया ‘पिंक रूम’ का उद्घाटन...

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर प्रेस क्लब में ‘मीडिया महिला शक्ति संगम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला पत्रकारों ने भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान महिला पत्रकारों के योगदान को सम्मानित किया गया और उनके कार्यों की सराहना की गई। यह आयोजन WO मन उत्सव 2026 के तहत आयोजित किया गया, जिसमें ‘कलमकार नारी’ थीम पर आधारित कई प्रेरक और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मंत्री राजवाड़े ने महिला पत्रकारों की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण:


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला पत्रकार समाज के अहम मुद्दों को सामने लाकर सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और उनकी सक्रियता लोकतंत्र को मजबूत बनाती है।

महिला पत्रकार समाज की आवाज को देती हैं मजबूती:

कार्यक्रम में मौजूद राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि महिला पत्रकार समाज की आवाज को मजबूती के साथ सामने लाने का काम कर रही हैं। ऐसे आयोजन महिलाओं को प्रेरणा देने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं। वहीं राज्यसभा सदस्य फूलो देवी नेताम ने कहा कि मीडिया में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज में जागरूकता और संवेदनशीलता को मजबूत करती है। पत्रकारिता में महिलाओं का योगदान विकास की दिशा तय करता है रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं और पत्रकारिता में उनका योगदान शहर और समाज के विकास की दिशा तय करने में अहम है। जनता कांग्रेस जोगी की नेत्री रेणु जोगी ने भी महिला पत्रकारों की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महिला पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वहीं एएसपी अर्चना झा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और मीडिया इसमें अहम भूमिका निभा सकता है।

महिला पत्रकारों के लिए ‘पिंक रूम’ का उद्घाटन:

कार्यक्रम के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रायपुर प्रेस क्लब में महिला पत्रकारों के लिए बनाए गए नवनिर्मित ‘पिंक रूम’ का उद्घाटन किया। उन्होंने इसे महिला पत्रकारों के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय पहल बताया। इसके साथ ही उन्होंने प्रेस क्लब द्वारा आयोजित महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेता टीमों को 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।

प्रतियोगिताओं में दिखा महिला पत्रकारों का उत्साह:

कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी, डांस प्रतियोगिता और टैलेंट कॉन्टेस्ट जैसे कई मनोरंजक आयोजन किए गए। डीजे की धुन पर महिला पत्रकारों और अतिथियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और कार्यक्रम का आनंद लिया। महिलाओं से जुड़े लोकप्रिय गीतों पर माहौल पूरी तरह उत्साह और उल्लास से भर गया।

इन प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित:

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में ज्योति ठाकुर, आकांक्षा दुबे, आकांक्षा शर्मा, विनीत मंडल, रेखा, वर्षा यादव, मोनिका शामिल रहे, सभी विजेताओं को प्रेस क्लब की ओर से क्राउन पहनाकर सम्मानित किया गया।

बड़ी संख्या में पत्रकार रहे मौजूद:

इस कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू, भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ और महिला पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने महिला पत्रकारों के योगदान को सम्मानित करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण और सम्मान का सकारात्मक संदेश भी दिया।


संबंधित समाचार