राजेश सोनी, डबरा : मध्यप्रदेश के डबरा में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना देहात पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत अरु तिराहे के पास स्थित एक निजी कॉलेज में हुई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
युवती का किया था अपहरण
जानकारी के अनुसार पीड़िता 19 फरवरी को अपनी मां के साथ नवग्रह मंदिर दर्शन के लिए आई थी। शाम के समय वह अकेले घर लौट रही थी। इसी दौरान मंदिर के पास कुछ अज्ञात युवकों ने उसे जबरन पकड़ लिया और बंधक बनाकर अरु चौराहे के पास स्थित एक निजी कॉलेज परिसर में ले गए।
कॉलेज में किया गैंगरेप
पीड़िता के मुताबिक आरोपियों ने उसे कॉलेज के अंदर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी दी और किसी को भी घटना की जानकारी देने से मना किया।
परिजनों को बताई घटना
घटना के बाद युवती काफी डरी हुई थी और उसने किसी को भी इस बारे में नहीं बताया। लेकिन 5 मार्च को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन युवती को लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एडीशनल एसपी जयराज कुबेर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।