होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छग में बारिश का रेड अलर्ट! कुसमी में 28 सेमी बारिश, रायपुर समेत कई जिलों में अगले दो दिन बरसेंगे बादल

छग में बारिश का रेड अलर्ट! कुसमी में 28 सेमी बारिश, रायपुर समेत कई जिलों में अगले दो दिन बरसेंगे बादल

रायपुर। CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार तेज बारिश का दौर जारी है। कम दबाव (लो प्रेशर) का क्षेत्र बनने के कारण शनिवार को अधिकांश जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश उत्तर छत्तीसगढ़ के कुसमी क्षेत्र में हुई, जहां महज 24 घंटे के भीतर 28 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इससे पहले बिलासपुर क्षेत्र में भी भारी बारिश दर्ज की गई थी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। ऐसे में बाहर निकलने वाले लोगों को छाता या रेनकोट साथ रखने की सलाह दी गई है। अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम तापमान 24°C रहेगा।

क्यों बढ़ी बारिश की गतिविधियां?

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल और उत्तरी झारखंड के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अभी भी सक्रिय है। इसके साथ ही मानसून द्रोणिका अमृतसर, करनाल, हरदोई, रांची और दीघा होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। दक्षिण ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक व्यापक वर्षा की स्थिति बनी रहेगी।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इनमें प्रमुख रायपुर, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिला शामिल है।

लोगों के लिए जरूरी सलाह

लगातार बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।


संबंधित समाचार