होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Cyber Fraud: पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल का WhatsApp हैक, समर्थकों को भेजे पैसों की डिमांड वाले मैसेज

Cyber Fraud: पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल का WhatsApp हैक, समर्थकों को भेजे पैसों की डिमांड वाले मैसेज

धरसींवा। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है। धरसींवा के पूर्व विधायक और भाजपा नेता देवजी भाई पटेल का व्हाट्सएप अकाउंट साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया। इसके बाद हैकर्स ने उनके मोबाइल नंबर का दुरुपयोग करते हुए हजारों समर्थकों, कार्यकर्ताओं और परिचितों को पैसों की मांग वाले संदेश भेज दिए। घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

समर्थकों को मिले संदिग्ध मैसेज, तब हुआ खुलासा

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 6 बजे कई लोगों के मोबाइल पर पूर्व विधायक के नंबर से मदद के नाम पर रुपये मांगने वाले संदेश आने लगे। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य समझा, लेकिन लगातार बड़ी संख्या में ऐसे मैसेज मिलने पर उन्हें शक हुआ। इसके बाद कार्यकर्ताओं और परिचितों ने तत्काल देवजी भाई पटेल से संपर्क किया, जिससे पूरे साइबर फ्रॉड का खुलासा हुआ।

कार्यालय प्रभारी का नंबर भी बनाया निशाना

साइबर अपराधियों ने केवल पूर्व विधायक का व्हाट्सएप ही नहीं, बल्कि उनके कार्यालय प्रभारी आदित्य शर्मा के मोबाइल नंबर का भी दुरुपयोग किया। आरोप है कि हैकर्स ने कई लोगों को फोन कर पैसों की मांग की और कुछ लोगों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। इससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई।

साइबर सेल में दर्ज कराई शिकायत

घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि उनके नंबर से यदि कोई भी व्यक्ति पैसों की मांग करे या संदिग्ध संदेश भेजे तो उस पर बिल्कुल भरोसा न करें और किसी भी प्रकार का ऑनलाइन भुगतान न करें।

साइबर अपराध पर जताई नाराजगी

मामले के बाद देवजी भाई पटेल ने साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि साइबर सेल की मौजूदगी के बावजूद अपराधियों तक पहुंचने में अपेक्षित सफलता नहीं मिल रही है। उनका कहना है कि केवल मोबाइल नंबर या सिम बंद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि असली साइबर अपराधियों तक पहुंचकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से तकनीकी रूप से मजबूत व्यवस्था विकसित करने की मांग की, ताकि आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाया जा सके।

जांच जारी

फिलहाल साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि व्हाट्सएप अकाउंट किस तरीके से हैक किया गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।


संबंधित समाचार