होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

MP Weather Alert: छतरपुर-पन्ना में भारी बारिश की चेतावनी, 34 जिलों में बूंदाबांदी के आसार

MP Weather Alert: छतरपुर-पन्ना में भारी बारिश की चेतावनी, 34 जिलों में बूंदाबांदी के आसार

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल सुस्त बनी हुई है। लगातार कई दिनों से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश नहीं होने के कारण इस सीजन में अब तक सामान्य से करीब 15 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे के लिए छतरपुर और पन्ना जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश के 34 जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।

चार सिस्टम सक्रिय, फिर भी कमजोर है मानसून

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य प्रदेश के आसपास फिलहाल चार साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक ट्रफ लाइन सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के असर से कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, हालांकि पूरे प्रदेश में व्यापक और लगातार बारिश की संभावना फिलहाल कम बनी हुई है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में छतरपुर और पन्ना जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा जबलपुर, ग्वालियर, रायसेन, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत कुल 34 जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं।

भोपाल और इंदौर में मौसम रहेगा सामान्य

राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, देवास, रतलाम, मंदसौर, खंडवा, खरगोन और बड़वानी सहित प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में रविवार को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है। हालांकि कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।

प्रदेश में सामान्य से 15% कम बारिश

इस मानसून सीजन में अब तक मध्य प्रदेश में 247 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य औसत 291 मिमी माना जाता है। यानी प्रदेश में अब तक लगभग 15 प्रतिशत कम बारिश हुई है।सबसे अधिक चिंता पूर्वी मध्य प्रदेश को लेकर है, जहां सामान्य से करीब 26 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से लगभग 5 प्रतिशत कम बना हुआ है।

जुलाई में भी नहीं मिली राहत

मौसम विभाग का कहना है कि जून में कमजोर शुरुआत के बाद जुलाई के शुरुआती दिनों में अच्छी बारिश हुई थी, लेकिन पिछले करीब 9 दिनों से भारी बारिश नहीं होने के कारण मानसून की रफ्तार फिर धीमी पड़ गई है। आमतौर पर जुलाई महीने में पूरे मानसून की एक-तिहाई बारिश होती है, लेकिन इस बार आंकड़े सामान्य से काफी नीचे बने हुए हैं।

बारिश के लिए दिखीं अनोखी परंपराएं

बारिश की कमी के बीच प्रदेश के कई इलाकों में पारंपरिक मान्यताओं का भी असर देखने को मिल रहा है। राजधानी भोपाल में लोगों ने अच्छी बारिश की कामना करते हुए गधे को गुलाब जामुन खिलाने की अनोखी परंपरा निभाई, जिसकी पूरे शहर में चर्चा रही।


संबंधित समाचार