प्रदेश के 100 रचनाकारों का होगा सम्मान समारोह: वृंदावन सभागृह में गूंजेगी कविता की स्वर लहरियां

प्रदेश के 100 रचनाकारों का होगा सम्मान समारोह: वृंदावन सभागृह में गूंजेगी कविता की स्वर लहरियां

रायपुर। प्रदेश की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं साहित्यिक संस्था वक्ता मंच द्वारा 20 अप्रैल, रविवार को राजधानी रायपुर के वृंदावन सभागृह में एक भव्य साहित्यिक समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के 100 चयनित रचनाकारों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सम्मान प्राप्त रचनाकार काव्य पाठ भी करेंगे, जिससे साहित्यप्रेमियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति का आनंद मिलेगा।

सुबह 10 बजे से होगा कार्यक्रम का शुभारंभ:

संस्था के अध्यक्ष राजेश पराते ने बताया कि यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। वक्ता मंच द्वारा अब तक हजारों साहित्यकारों को मंच और सम्मान प्रदान किया जा चुका है। यह वार्षिक आयोजन विशेष रूप से उन नवोदित लेखकों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से होता है, जो प्रदेश के दूरदराज़ अंचलों से अपनी रचनात्मक ऊर्जा के साथ साहित्य जगत में कदम रखते हैं। साथ ही, वरिष्ठ साहित्यकारों को भी मंच पर सम्मानित किया जाता है।

प्रदेशभर से रचनाकारों ने भेजी प्रविष्टियां:

इस कार्यक्रम में महिला और पुरुष दोनों रचनाकारों को समान मंच प्रदान किया जाता है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में रचनाकारों ने अपनी प्रविष्टियां भेजी हैं। अध्यक्ष पराते ने बताया कि वक्ता मंच वह संस्था है जिसने तीन दशक पूर्व छत्तीसगढ़ में सबसे पहले बड़े पैमाने पर साहित्यकारों के सम्मान का बीड़ा उठाया था।

तैयारियों में जुटी पूरी टीम:

आयोजन को सफल और स्मरणीय बनाने के लिए संस्था की पूरी टीम पूरे जोश और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटी हुई है। यह आयोजन न केवल साहित्यकारों के लिए एक मंच है, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक गरिमा को भी सशक्त करता है।


संबंधित समाचार