होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा आज, जलभराव और सफाई व्यवस्था पर होगी बड़ी चर्चा

रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा आज, जलभराव और सफाई व्यवस्था पर होगी बड़ी चर्चा

रायपुर। राजधानी रायपुर में मानसून के दौरान नागरिक समस्याओं को लेकर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा आज आयोजित होगी। बैठक में शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव, नालों की सफाई, कचरा प्रबंधन, सड़क मरम्मत और बारिश के दौरान नागरिक सुविधाओं से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों की समस्याएं भी सदन में रखेंगे। हालांकि बैठक शुरू होने से पहले ही इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस ने विशेष सामान्य सभा बुलाने के निर्णय पर सवाल उठाते हुए इसे प्रशासनिक विफलता से जोड़कर देखा है।

कांग्रेस ने उठाए बैठक के उद्देश्य पर सवाल

पूर्व महापौर और कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे ने कहा कि विशेष सामान्य सभा आमतौर पर किसी बड़े नीति निर्णय, आपात स्थिति या अत्यंत महत्वपूर्ण विषय के लिए बुलाई जाती है। लेकिन इस बार जलभराव, सफाई और नालों की स्थिति जैसे नियमित प्रशासनिक विषयों पर विशेष बैठक आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव और सफाई व्यवस्था नगर निगम की नियमित जिम्मेदारी है। यदि इन मुद्दों पर अलग से विशेष सामान्य सभा बुलानी पड़ रही है तो यह प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

मानसून की चुनौतियों पर रहेगा फोकस

नगर निगम के अनुसार बैठक में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति, नालों की सफाई की प्रगति, कचरा उठाव, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और बारिश के दौरान नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा होगी। मानसून की शुरुआत के बाद राजधानी के कई इलाकों से जलभराव और सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि सदन में इन मुद्दों पर विस्तृत चर्चा के साथ आवश्यक निर्णय भी लिए जा सकते हैं।

पिछली विशेष सामान्य सभा भी रही थी चर्चा में

नगर निगम की पिछली विशेष सामान्य सभा महिला सशक्तिकरण विषय पर आयोजित हुई थी। उस दौरान कांग्रेस पार्षदों ने पानी की समस्या को लेकर मटका और बाल्टी के साथ प्रदर्शन किया था। वहीं प्लेसमेंट कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर निगम मुख्यालय का घेराव किया था। सभा के दौरान चौक-चौराहों के नामकरण और प्रतिमा स्थापना जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली थी।

आज फिर गरमा सकता है निगम सदन

इस बार की विशेष सामान्य सभा में जलभराव, सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं के मुद्दे केंद्र में रहेंगे। विपक्ष पहले ही बैठक बुलाने के औचित्य पर सवाल उठा चुका है। ऐसे में मानसून से जुड़ी समस्याओं को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच एक बार फिर तीखी बहस होने की संभावना जताई जा रही है।


संबंधित समाचार