भोपाल : मध्य प्रदेश में मानसून के रफ़्तार पकड़ने के बाद प्रदेशवासियों को आखिरकार गर्मी और उमस से राहत मिल गई है। सोमवार रात से हो रही हल्की बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया. वर्तमान में मानसून की रफ्तार धीमी जरूर हुई है लेकिन आने वाले दिनों में राज्य में एक बार फिर भारी बारिश देखने को मिल सकती है। इसी कड़ी में आज मौसम विभाग ने 30 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मुरैना, भिंड, दमोह में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को मुरैना, भिंड, दमोह और कटनी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
नीमच, मंदसौर और रतलाम में मौसम रहेगा साफ़
इसके साथ ही नीमच, मंदसौर और रतलाम में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और यहां बारिश की संभावना बेहद कम बताई गई है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भोपाल, राजगढ़, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, विंध्य और महाकोशल के कई इलाकों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों पर बिजली चमकने के समय न रुकने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।