रीवा: जिले के कलेक्ट्रेट में मंगलवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब सिरमौर तहसील के शाहपुर में 540 गांव के सैकड़ों ग्रामीण अपनी राशन संबंधी शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के करीब 700 राशन कार्डधारी परिवारों को पिछले छह महीनों से सरकारी खाद्यान्न नहीं मिल रहा, जिससे गरीब परिवारों के सामने रोजमर्रा के जीवन का संकट खड़ा हो गया है।
चुनाव बहिष्कार और आत्मदाह की दी चेतवानी
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो वे चुनाव बहिष्कार और आत्मदाह जैसे कदम उठाएंगे।
कलेक्टर ने जल्द समस्या दूर करने का दिया आश्वासन
मामला बढ़ने पर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी स्वयं ग्रामीणों से मिले। उन्होंने बताया कि उचित मूल्य दुकान से जुड़ी व्यवस्था की जांच के लिए टीम भेजी जाएगी। जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित सेल्समैन के खिलाफ एफआईआर सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी।