होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

मानसून मेहरबान, झमाझम बारिश से खेत लबालब; महानदी उफान पर, कई रास्ते बंद

मानसून मेहरबान, झमाझम बारिश से खेत लबालब; महानदी उफान पर, कई रास्ते बंद

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जिले के अधिकांश हिस्सों को तरबतर कर दिया है। अच्छी बारिश के चलते जहां किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है, वहीं कई नदी-नाले उफान पर आने से कुछ इलाकों में आवागमन भी प्रभावित हुआ है।

जुलाई में 370 मिमी से अधिक बारिश दर्ज

मौसम विभाग के अनुसार जुलाई माह में अब तक जिले में औसतन 370 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है। वनांचल क्षेत्र सोनाखान, कसडोल सहित कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। वहीं लवन, पलारी, सिमगा, सुहेला और बलौदाबाजार क्षेत्र में भी लगातार वर्षा का दौर जारी है।

धान रोपाई को मिली रफ्तार

लगातार बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी भर गया है, जिससे खरीफ सीजन की तैयारियों को गति मिल गई है। किसान अब तेजी से धान की रोपाई में जुट गए हैं। उनका कहना है कि समय पर हुई बारिश से इस बार फसल उत्पादन बेहतर रहने की उम्मीद है।

महानदी समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ा

लगातार वर्षा के चलते जिले से गुजरने वाली महानदी, शिवनाथ और जोंक नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल बाढ़ जैसी स्थिति नहीं बनी है, लेकिन प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी बढ़ा दी है। कई छोटे नदी-नालों में पानी पुल-पुलियों के ऊपर बहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अमेठी घाट एनीकट पर आवागमन ठप

सबसे ज्यादा असर पलारी तहसील के अमेठी घाट एनीकट पर देखने को मिला है। यहां महानदी का पानी एनीकट के ऊपर करीब 3 से 4 फीट तक बह रहा है। इसके कारण कसडोल, बारनवापारा, सोनाखान और महासमुंद की ओर जाने वाला मार्ग फिलहाल बंद हो गया है। लोगों को अब अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए करीब 40 से 50 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

कृषि विशेषज्ञों ने जताई बेहतर उत्पादन की उम्मीद

बारिश के बाद जिले में मौसम सुहावना हो गया है और खेतों में हरियाली लौटने लगी है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आगामी दिनों में भी इसी तरह संतुलित वर्षा होती रही तो खरीफ फसलों का उत्पादन बेहतर रहेगा और किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।


संबंधित समाचार