होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

बेटी की शादी के 24 घंटे बाद घर में चोरी, आलमारी से 8 लाख के गहने गायब

बेटी की शादी के 24 घंटे बाद घर में चोरी, आलमारी से 8 लाख के गहने गायब

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नगर पंचायत पवनी में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात पार कर दिए। घटना शिक्षक रामलाल साहू के घर की है, जहां 6 से 9 फरवरी तक उनकी पुत्री का विवाह समारोह आयोजित था। शादी के बाद 10 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे से रात 10:30 बजे तक पूरा परिवार कसडोल नई कार खरीदने गया हुआ था। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

अलमारी तोड़कर 8 लाख के गहने ले उड़े

चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर रखी अलमारी को निशाना बनाया। अलमारी में रखे करीब 8 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए। हालांकि, एक अन्य बैग में रखे कुछ जेवर और नकदी को चोर वहीं छोड़कर फरार हो गए। रात 10:30 बजे जब परिवार नई कार लेकर लौटा तो मुख्य दरवाजा और अलमारी का ताला टूटा देख सन्न रह गया। जांच करने पर जेवरात गायब मिले, जिसके बाद तुरंत बिलाईगढ़ पुलिस को सूचना दी गई।

डॉग स्क्वायड और साइबर टीम जुटी जांच में

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। रात अधिक होने के कारण विस्तृत जांच अगले दिन 11 फरवरी की सुबह शुरू की गई। डॉग स्क्वायड और साइबर सेल की टीम को भी जांच में लगाया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय और एसडीओपी विजय ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

शादी में काम करने वालों से पूछताछ

चूंकि घर में हाल ही में शादी समारोह हुआ था, इसलिए टेंट कर्मियों, कैटरिंग स्टाफ, वीडियो शूटिंग टीम और अन्य कामगारों से बारीकी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

 


संबंधित समाचार