रायपुर। राजधानी रायपुर को जाम मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त रूप से व्यापक अभियान चलाया। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों मौदहापारा और एमजी रोड में सड़क घेरकर व्यापार करने वाले 120 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान भारी मात्रा में सामान जब्त कर 12 ट्रकों में भरकर हटाया गया।
सड़क पर फैला रखा था कारोबार
निरीक्षण में पाया गया कि कई दुकानदारों ने 14 फीट तक सड़क पर कब्जा जमा रखा था, जिससे रोजाना ट्रैफिक बाधित हो रहा था। कुछ स्थानों पर स्थायी लोहे के शेड लगाकर अतिक्रमण किया गया था। संयुक्त टीम ने मौके पर ही अवैध ढांचे हटवाए और रास्ता खाली कराया।
कार्रवाई के दौरान संबंधित दुकानदारों पर कुल 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण करने पर सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी।
24 सड़कों पर विशेष निगरानी
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर शहर की 24 से अधिक ऐसी सड़कों को चिन्हित किया गया है, जहां रोजाना अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या बनी रहती है।
नई व्यवस्था के तहत अब इन सड़कों की जिम्मेदारी सीधे संबंधित थाना प्रभारियों को दी गई है। जयस्तंभ चौक से फाफाडीह मार्ग की निगरानी गंज और मौदहापारा थाना प्रभारी करेंगे। यदि दोबारा सड़क पर अवैध दुकानें लगती मिलीं, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।