मंडला : सोमवती अमावस्या के अवसर पर नर्मदा नदी में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचते है। इसी कड़ी में आज भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा में डूबकी लगाने के लिए पहुंचे। जहां डूबने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो को मौके पर मौजूद लोगों ने बचा लिया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के एनीकट घाट की है।
गहरे पानी में डूबने से हुई मौत
जानकारी के अनुसार, सोमवती अमावस्या के कारण रपटा घाट पर सुबह से ही हजारों श्रद्धालु नर्मदा स्नान के लिए एकत्रित हुए थे। इसी दौरान 4-5 युवकों का एक समूह भी स्नान करने पहुंचा। नहाते समय भरत पटेल और उसके दो साथी एनीकट के गहरे हिस्से की ओर चले गए और फिसलकर डूबने लगे। ऐसे में सभी ने मदद के लिए चीखपुकार करने लगे। ऐसे में एक स्थानीय मछुआरे ने साहस का परिचय देते हुए नदी में छलांग लगाकर तीनों को बाहर, लेकिन तब तक एक की सांसे थम चुकी थी।
दोनों श्रद्धालुओं की स्थिति सामान्य
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं बचाए गए दोनों श्रद्धालुओं की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने की मृतक की पहचान
प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि स्नान के दौरान श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी वाले हिस्से में पहुंच गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मृतक की पहचान बिंझिया निवासी भरत पटेल (18 वर्ष) के रूप में की है.