प्रतापगढ़-कुंडा। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा इन दिनों प्रतापगढ़ के कुंडा में आयोजित की जा रही है। इसी दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए बागेश्वर बाबा ने कथा और धार्मिक आयोजनों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जो लोग कथा पर प्रतिबंध लगाने की बात करते हैं, उन्हें भी कथा करवानी चाहिए, क्योंकि कथा सुनने और कथा कराने, दोनों से ही लाभ होता है।
चुनाव के लिए नहीं करते कथा
बाबा ने कहा कि वे कथा चुनाव के लिए नहीं, बल्कि सनातन धर्म के जागरण और सनातनियों को एकजुट करने के उद्देश्य से करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में यदि किसी को अपनी धार्मिक आस्था और परंपराओं के पालन को लेकर डर लगता है, तो इस विषय पर भी विचार होना चाहिए।
अपने धर्म, आस्था और धार्मिक गतिविधियों के संचालन का अधिकार
संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने धर्म, आस्था और धार्मिक गतिविधियों के संचालन का अधिकार है। ऐसे में किसी की कथा रोकने की बात करना उचित नहीं है। उन्होंने धार्मिक स्वतंत्रता के संदर्भ में नमाज और चर्च में होने वाली प्रार्थनाओं का भी उल्लेख किया।
यादव में माधव और माधव में हम यादव के दर्शन करते हैं
बागेश्वर बाबा ने सामाजिक एकता और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा, "यादव में माधव और माधव में हम यादव के दर्शन करते हैं। 21 नवंबर को हम बांके बिहारी जी के दर्शन करने जा रहे हैं।
बाबा रामदेव ने बताया हनुमान जी का अंश अवतार
इस बीच योगगुरु स्वामी रामदेव ने पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की प्रशंसा करते हुए उन्हें सनातन धर्म का गौरव बताया। उन्होंने कहा, "हमारे सनातन धर्म के गौरव, भगवान श्री हनुमान जी के अंश अवतार हैं बागेश्वर बाबा जी।" बागेश्वर बाबा के इन बयानों के बाद धार्मिक स्वतंत्रता, सनातन एकता और कथा आयोजनों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।