होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

CG Board Exam 2027: 10वीं-12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 1 जनवरी से, 20 जनवरी तक होंगे एग्जाम, जानें पूरी डिटेल

CG Board Exam 2027: 10वीं-12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 1 जनवरी से, 20 जनवरी तक होंगे एग्जाम, जानें पूरी डिटेल

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। मंडल ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षा और प्रोजेक्ट वर्क की तारीखें घोषित कर दी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक प्रदेशभर में प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी 2027 से शुरू होकर 20 जनवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी।

इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल ने सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों के प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। स्कूलों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर परीक्षाएं पूरी कराने और विद्यार्थियों के प्राप्तांक ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने की जिम्मेदारी दी गई है।

31 जनवरी तक पोर्टल पर अपलोड करने होंगे अंक

माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देशानुसार, प्रायोगिक परीक्षाएं और प्रोजेक्ट वर्क निर्धारित समय यानी 20 जनवरी तक पूरे कराने होंगे। इसके बाद विद्यार्थियों के प्राप्तांक 31 जनवरी 2027 तक मंडल के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।

मंडल ने स्कूल प्रबंधन को अंक दर्ज करते समय विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी है। इसकी वजह यह है कि एक बार पोर्टल पर अंक अपलोड होने के बाद गलती मिलने पर दोबारा संशोधन का अवसर नहीं मिलेगा।

वहीं, निर्धारित समय-सीमा तक अंक अपलोड नहीं करने वाले स्कूलों पर प्रतिदिन 1,000 रुपये का विलंब शुल्क लगाया जाएगा। ऐसे में स्कूलों को समय पर पूरी प्रक्रिया समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए बाहरी परीक्षक होंगे अनिवार्य

प्रायोगिक परीक्षाओं के आयोजन को लेकर मंडल ने परीक्षकों की नियुक्ति के संबंध में भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं। प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए बाहरी परीक्षक नियुक्त करना अनिवार्य होगा। इनकी नियुक्ति माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से ही की जाएगी।

यदि कोई स्कूल अपने स्तर पर बाहरी परीक्षक नियुक्त करता है, तो संबंधित प्रायोगिक परीक्षा को अमान्य घोषित किया जा सकता है।

वहीं, प्रोजेक्ट वर्क का मूल्यांकन स्कूल के शिक्षकों द्वारा ही किया जाएगा। मंडल ने स्कूलों को प्रायोगिक कार्यों के लिए पिछले वर्ष की बची हुई उत्तरपुस्तिकाओं का उपयोग करने के निर्देश भी दिए हैं।

फरवरी के अंतिम सप्ताह से शुरू हो सकती हैं मुख्य परीक्षाएं

प्रायोगिक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी होने के बाद अब विद्यार्थियों की नजरें 10वीं और 12वीं की मुख्य बोर्ड परीक्षा की समय-सारिणी पर टिकी हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पिछले शैक्षणिक सत्र की तरह इस बार भी मुख्य परीक्षाएं फरवरी के अंतिम सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। हालांकि, बोर्ड की ओर से अभी मुख्य परीक्षा का आधिकारिक टाइम टेबल जारी नहीं किया गया है।

फरवरी में बोर्ड परीक्षाएं आयोजित करने के पीछे दो प्रमुख वजहें बताई जा रही हैं। पहली वजह यह है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल अब साल में दो बार 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आयोजित कर रहा है। ऐसे में फरवरी में पहली परीक्षा कराने से जून में दूसरी परीक्षा आयोजित करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।

दूसरी वजह नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से जुड़ी है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 को 16 जून के बजाय 1 अप्रैल से शुरू करने की तैयारी है। यदि मुख्य परीक्षाएं अप्रैल तक चलती हैं, तो स्कूलों में परीक्षा और बैठक व्यवस्था को लेकर परेशानी हो सकती है।


संबंधित समाचार