दमोह : दमोह जिले के पटेरा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही सब स्टेशन का घेराव कर जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पटेरा-कुंडलपुर मार्ग पर भी चक्का जाम कर दिया। जिसकी वजह से काफी समय तक यातायात प्रभावित रही।
4 दिन से नहीं मिली बिजली
सूचना मिलते ही पटेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले चार दिनों से क्षेत्र में दिन और रात दोनों समय बिजली की आपूर्ति बाधित है, जिससे घरेलू कामकाज, खेती और पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
बिजली आपूर्ति की मांग
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर शहर और गांव के बीच भेदभाव का आरोप लगाते हुए नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।